Tarn Taran Crime : Tarn Taran जिले के बुआ पट्टी गांव से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां पारिवारिक कलह ने एक ऐसी खूनी दास्तां लिखी, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया। आरोप है कि एक ससुर ने अपने ही घर में बहू की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर डाली।
इस वीभत्स हत्याकांड को तब अंजाम दिया गया जब मृतका का पति रोजी-रोटी कमाने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। कत्ल करने के बाद शातिर ससुर ने शव को ठिकाने लगाने के बजाय घर के ही एक कमरे में बक्सों के पीछे बनी छोटी दीवार के ओट में छिपा दिया।
मां की ममता ने खोला खौफनाक राज
इस पूरी घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका की मां परमजीत कौर पम्मी शाम के वक्त अपनी बेटी अमनदीप कौर का हाल जानने उसके घर पहुंचीं। बुआ पट्टी निवासी कुलविंदर सिंह की पत्नी परमजीत कौर ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि जब वह शाम करीब साढ़े छह बजे घर पहुंचीं, तो वहां अमनदीप का ससुर बलविंदर सिंह मौजूद था।
जब उन्होंने बेटी के बारे में पूछा, तो आरोपी ने बड़ी बेफिक्री से कह दिया कि उसे कोई जानकारी नहीं है। मां ने जब घर के भीतर जाकर कमरों की तलाशी लेनी शुरू की, तो इसी बीच मृतका का पति संतोख सिंह भी चुसलेवाड़ के गोदामों से काम खत्म कर घर लौट आया।
दीवार के पीछे छिपा मिला शव
पति संतोख सिंह अपनी पत्नी को ढूंढने के लिए जैसे ही घर से बाहर निकला, मां ने एक बार फिर तसल्ली के लिए घर के कमरों को खंगालना शुरू किया। जब वह बक्सों वाले कमरे में पहुंचीं, तो वहां एक छोटी दीवार के पीछे कुछ संदिग्ध नजर आया।
पास जाकर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई क्योंकि अमनदीप कौर का शव टाट और प्लास्टिक के थैले में बुरी तरह लिपटा हुआ था। मां की चीख-पुकार सुनकर आरोपी बलविंदर सिंह मौके पर पहुंचा और उसने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि किसी बात पर हुए झगड़े के बाद गुस्से में उसने बहू का गला घोंट दिया था। इतना कहने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
छोटी-छोटी बातों पर होता था विवाद
दुखी मां ने पुलिस को बताया कि जब भी संतोख सिंह मजदूरी के लिए घर से बाहर जाता था, तब ससुर बलविंदर सिंह अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर अमनदीप के साथ उलझता रहता था और विवाद करता था। इसी तरह के घरेलू झगड़े ने खूनी रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही कच्चा पक्का थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
हेड सब-इंस्पेक्टर किरपाल सिंह ने बताया कि मृतका की मां के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी ससुर बलविंदर सिंह उर्फ बिंदर पुत्र धर्म सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।

