Uorfi Javed Society Controversy: अपने अतरंगी फैशन और बेबाक अंदाज से अक्सर सोशल मीडिया पर छाए रहने वाली मॉडल और एक्ट्रेस उर्फी जावेद एक बार फिर नए विवाद में घिर गई हैं। हालांकि, इस बार वजह उनका फैशन नहीं, बल्कि उनकी सोसाइटी कमेटी के साथ हुई खींचतान है। उर्फी जावेद ने अपनी ही रिहायशी सोसाइटी के प्रबंधन पर प्रताड़ित करने का बड़ा आरोप लगाया है। उर्फी के मुताबिक, सोसाइटी कमेटी ने उनके खिलाफ एक नया नियम बनाया है, जिसके तहत वे अपने खुद के फ्लैट के भीतर कोई भी वीडियो या कंटेंट शूट नहीं कर सकतीं।
“घर में शूटिंग बंद करो”—सोसाइटी के नए नियम पर भड़कीं उर्फी
उर्फी जावेद ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर एक लंबा-चौड़ा नोट साझा करते हुए अपना गुस्सा जाहिर किया। उर्फी का कहना है कि सोसाइटी के लोग उन्हें परेशान करने के बहाने ढूंढते रहते हैं। उन्होंने लिखा, “सोसाइटी कमेटी का कहना है कि घर के अंदर कमर्शियल शूट की इजाजत नहीं है। उनके लॉजिक के हिसाब से अगर मैं कोई वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करती हूं, तो वह अपने आप कमर्शियल बन जाता है क्योंकि उससे मुझे पॉपुलैरिटी मिलती है।” उर्फी ने चेतावनी भरे लहजे में यह भी कहा कि वे जल्द ही इस पूरे मामले में शामिल लोगों के नाम और चेहरे उजागर करेंगी।
मेहमानों के बैग की तलाशी और सिक्योरिटी गार्ड्स से बहस का वीडियो
सोसाइटी के इस कदम पर नाराजगी जताते हुए उर्फी ने एक वीडियो भी साझा किया था, जिसमें वे सोसाइटी के नीचे खड़े एक व्यक्ति से तीखी बहस करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में उर्फी साफ तौर पर कहती नजर आ रही हैं, “आप कैसे बोल सकते हैं कि आप मेरे घर पर लोगों को आने से रोकेंगे? कैसे रोक लेंगे?” जब सामने वाले व्यक्ति ने घर में शूटिंग न करने की बात दोहराई, तो उर्फी ने सख्त अंदाज में कहा, “मेरी मर्जी, मैं करूंगी।” इसके साथ ही उर्फी ने आरोप लगाया कि सुरक्षाकर्मी उनके घर आने वाले मेहमानों के बैग और शूटिंग के सामान की गैर-कानूनी तरीके से तलाशी लेते हैं।
डिजिटल दौर में प्राइवेसी पर उठे सवाल
उर्फी ने सवाल उठाते हुए कहा कि आज के दौर में हर दूसरा इंसान अपने घर के अंदर रील या कंटेंट शूट करता है, ऐसे में सिर्फ उनके लिए यह नियम कानूनी कैसे हो सकता है? उन्होंने कहा कि वे अपने निजी घर के अंदर क्या करती हैं, यह पूरी तरह से उनका व्यक्तिगत मामला है। हालांकि, सोशल मीडिया पर बवाल मचने और वीडियो वायरल होने के बाद उर्फी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी से यह वीडियो हटा लिया है। फिलहाल इस पूरे विवाद पर सोसाइटी कमेटी की तरफ से आधिकारिक रूप से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें– लव गिल पर फूटा स्काउट की गर्लफ्रेंड काशवी का गुस्सा, ट्रोलिंग के बाद वीडियो जारी कर कही ये बड़ी बात

