Yamunanagar News: ऑटो में साथ बैठी महिलाओं ने पार किया पर्स, यमुनानगर में सफर के दौरान चोरी की बड़ी वारदात

ऑटो में साथ बैठी महिलाओं ने पार किया पर्स, यमुनानगर में सफर के दौरान चोरी की बड़ी वारदात
Yamunanagar News: यमुनानगर शहर में ऑटो में सफर करने वाले यात्रियों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़ा हो गया है। कमानी चौक से बस अड्डे के बीच ऑटो में सफर कर रही एक महिला के बैग से शातिर जेबकतरों ने हजारों की नकदी और जरूरी दस्तावेज पार कर दिए। पीड़िता को चोरी की भनक तक नहीं लगी और जब वह घर पहुंची, तो बैग का जिप खुला देखकर उसके होश उड़ गए।
काम निपटाकर घर लौट रही थी पीड़िता
मसाना रांगड़ान गांव की रहने वाली बेबी ने यमुनानगर सिटी थाना पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह प्रोफेसर कॉलोनी इलाके में काम करती है। रोजाना की तरह काम खत्म करने के बाद वह घर लौटने के लिए सुबह करीब 11:30 बजे कमानी चौक से एक ऑटो में सवार हुई थी। पीड़िता के मुताबिक उस समय ऑटो में उसके अलावा दो अन्य महिलाएं और करीब 8 साल का एक बच्चा भी बैठा हुआ था।
घर पहुंचने पर पर्स गायब, दस्तावेजों के दुरुपयोग का डर
सफर के दौरान ही मौका पाकर ऑटो में बैठी शातिर महिलाओं ने उसके बैग में रखा पर्स निकाल लिया। घर पहुंचने के बाद जब उसने अपना सामान संभाला, तो बैग में रखा पर्स गायब मिला। पर्स में 11,800 रुपये की नकद राशि रखी हुई थी, जो उसने अपनी मेहनत-मजदूरी से जमा की थी। इसके अलावा पर्स में उसका पैन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर पहचान पत्र और हरियाणा रोडवेज का बस पास भी रखा था।
पीड़िता ने तुरंत सिटी थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई। उसने आशंका जताई है कि चोरी गए उसके सरकारी और पहचान संबंधी दस्तावेजों का कोई असामाजिक तत्व गलत इस्तेमाल कर सकता है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत और प्राथमिक जांच के आधार पर अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जिस रूट पर ऑटो चला था, वहां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऑटो चालक और उसमें सवार संदिग्ध महिलाओं की पहचान के प्रयास तेजी से जारी हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें– दिवाली से पहले कैथल में पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, 571 कार्टन पटाखों के साथ ट्रक और पिकअप जब्त, 4 गिरफ्तार
