Yamunanagar Snatching News: यमुनानगर जिले के जगाधरी सदर थाना क्षेत्र स्थित मामली गांव में बेखौफ बदमाशों ने एक बेबस और बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बनाया है। स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर आए दो शातिर बदमाशों ने 70 वर्षीय महिला को बातों के जाल में उलझाया और बड़ी सफाई से उनके कानों से सोने की बालियां नोचकर चंपत हो गए। पीड़ित महिला शारीरिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण विरोध तक नहीं कर सकीं।
बैसाखी के सहारे चलने वाली वृद्धा घर के बाहर चारपाई पर बैठी थीं
गांव मामली के रहने वाले हरिचंद ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनकी 70 वर्षीय माता जगिंद्रों देवी का कुछ समय पहले कूल्हे का ऑपरेशन हुआ था, जिस वजह से वे बैसाखी के सहारे ही थोड़ा-बहुत चल पाती हैं। घटना वाले दिन दोपहर करीब 11 बजे वे घर के बाहर गली में चारपाई पर बैठी हुई थीं। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा लपेटे दो युवक स्प्लेंडर बाइक से वहां पहुंचे और माताजी के पास आकर रुक गए।
‘सिर पर मधुमक्खी बैठी है’… और पार कर दीं बालियां
बाइक रोकते ही एक युवक नीचे उतरा और बिना किसी झिझक के बुजुर्ग महिला के पास चारपाई पर ही बैठ गया। उसने महिला को झांसा देते हुए कहा कि उनकी चुन्नी के पास सिर पर एक मधुमक्खी आकर बैठ गई है। जैसे ही बुजुर्ग महिला घबराकर सिर से मधुमक्खी हटाने का प्रयास करने लगीं, घात लगाए बैठे युवक ने एक ही झटके में उनके दोनों कानों से सोने की बालियां नोच लीं। जब तक पीड़िता कुछ समझ पातीं, आरोपी दौड़कर बाइक पर पहले से तैयार खड़े अपने साथी के साथ रफूचक्कर हो गया। कानों से खून बहता देख और अचानक हुए हमले से सहमी महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन बाहर दौड़े।
50 हजार की बालियां ले उड़े बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई हलचल
परिजनों के अनुसार छीनी गई सोने की बालियों की कीमत करीब 50 हजार रुपये है। घटना के तुरंत बाद जब परिजनों ने गांव और आसपास की गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें दोनों नकाबपोश संदिग्ध बाइक से भागते हुए नजर आए। फुटेज को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
जगाधरी पुलिस ने दर्ज किया केस, धरपकड़ के लिए नाकेबंदी
मामले की सूचना मिलते ही जगाधरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट की मदद से बदमाशों के हुलिए और बाइक नंबर का सुराग लगाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।


