Yamunanagar News: यमुनानगर के शिव मंदिर परिसर के श्रृंगार पैलेस में भड़की भीषण आग, 1 लाख का धार्मिक सामान खाक

यमुनानगर के शिव मंदिर परिसर के श्रृंगार पैलेस में भड़की भीषण आग
Yamunanagar News: हरियाणा के यमुनानगर शहर में आईटीआई के समीप स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर के प्रथम तल पर संचालित ‘श्री कृष्णा श्रृंगार पैलेस’ में अचानक आग लग गई। जिस समय यह हादसा हुआ, ठीक उसके नीचे बने सत्संग हॉल में महिलाएं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद छठी का कीर्तन कर रही थीं।
अचानक हुए तेज धमाके और धुएं के गुबार को देखकर कीर्तन कर रही महिलाओं में हड़कंप मच गया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी महिलाएं जान बचाकर तुरंत हॉल से बाहर की ओर भागीं।
एसी की आउटडोर यूनिट में धमाका, छत के लेंटर में आई दरारें
देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि लपटें दुकान की खिड़कियों से बाहर निकलने लगीं। इसी दौरान दुकान के बाहर लगी एसी (AC) की आउटडोर यूनिट में भी एक के बाद एक कई जोरदार धमाके हुए, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलने के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बमुश्किल आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि दुकान के ऊपरी हिस्से के लेंटर में गहरी दरारें आ गईं। आग बुझाने के लिए दमकलकर्मियों द्वारा डाला गया पानी छत की दरारों से होकर नीचे सत्संग हॉल में टपकने लगा।
बिजली गुल हुई और इन्वर्टर से निकलने लगीं चिंगारियां
कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालु अनुराधा ने बताया कि बुधवार को कान्हा जी की छठी के उपलक्ष्य में महिलाएं मंदिर में एकत्र हुई थीं। मंदिर कमेटी द्वारा ही परिसर के पहले माले पर यह शोरूम चलाया जाता है, जहां भगवान की पोशाकें, श्रृंगार सामग्री और धार्मिक पुस्तकें मिलती हैं।
उन्होंने आपबीती सुनाते हुए बताया कि हादसे से महज 5 मिनट पहले उनकी बेटी ऊपर दुकान से कान्हा जी की नई ड्रेस लेकर नीचे आई थी। महिलाएं अभी तीन भजन ही गा पाई थीं कि अचानक हॉल के पंखे बंद हो गए। जब ऊपर जाकर देखा गया तो इन्वर्टर से चिंगारियां और काला धुआं निकल रहा था। देखते ही देखते आग पूरे शोरूम में फैल गई।
1 लाख से अधिक का नुकसान, शॉर्ट सर्किट माना जा रहा कारण
मंदिर के पुजारी मोहन लाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस अग्निकांड में शोरूम में रखा श्रीकृष्ण की पोशाकों का पूरा स्टॉक, पीतल व अन्य धातुओं के श्रृंगार का सामान और धार्मिक ग्रंथ जलकर राख हो गए। पुजारी के अनुसार, प्राथमिक आकलन में करीब एक लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है। गनीमत यह रही कि समय रहते कीर्तन कर रही महिलाएं बाहर आ गईं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यह भी पढ़ें– कुरुक्षेत्र के लाडवा में कार के अंदर संदिग्ध हाल में मिला युवक का शव, मची सनसनी
