Yamunanagar Road Accident: यमुनानगर जिले के सरस्वती नगर इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ऊंचा चंदना रोड पर एक बेकाबू और तेज रफ्तार बाइक ने एक्टिवा सवार बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 76 वर्षीय बुजुर्ग ने गुरुवार सुबह अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अचानक हुए इस हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गांव फतेहपुर निवासी गुरनाम सिंह के रूप में हुई है। उनके भतीजे नरेंद्र सिंह, जो कि सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद वर्तमान में स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं, ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। नरेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे वह अपने चाचा गुरनाम सिंह के साथ किसी निजी काम से सरस्वती नगर तहसील कार्यालय गए थे।
मोड़ काटते वक्त हुआ खौफनाक हादसा
अपना काम निपटाने के बाद दोनों दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने-अपने वाहनों से गांव लौट रहे थे। गुरनाम सिंह अपनी एक्टिवा पर आगे-आगे चल रहे थे, जबकि भतीजा नरेंद्र सिंह अपनी बाइक पर उनके पीछे थे। जब वे ऊंचा चंदना रोड से गांव माली माजरा की तरफ मुड़ने लगे, तो उसी दौरान ऊंचा चंदना की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार काले रंग की सुपर स्प्लेंडर बाइक ने एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गुरनाम सिंह एक्टिवा समेत सड़क पर जा गिरे। उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बहने के कारण वह मौके पर ही अहोश हो गए। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी सिविल अस्पताल सरस्वती नगर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें यमुनानगर रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए गाबा अस्पताल ले गए, जहां गुरुवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ दर्ज किया केस
परिजनों ने बताया कि गुरनाम सिंह खेती-किसानी से जुड़े थे और उनके परिवार में एक बेटा व तीन बेटियां हैं, जिनकी पहले ही शादी हो चुकी है। इस हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
मामले की जांच कर रहे थाना छप्पर के प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि मृतक के भतीजे नरेंद्र सिंह के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी बाइक चालक मनदीप सिंह (निवासी ऊंचा चंदना) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।
यह भी पढ़ें– कैथल में बुलेट से पटाखे बजाने वालों पर पुलिस का चाबुक, पिहोवा चौक पर रोड रोलर से कुचले सैकड़ों साइलेंसर

