Yamunanagar news: संजीव चौहान (यमुनानगर) त्योहारों के सीजन की शुरुआत होते ही बाजारों में मिठाइयों की मांग में भारी उछाल आ गया है। ऐसे मौके पर मुनाफाखोरी के चक्कर में मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर लगाम कसने के लिए उपमंडल प्रशासन छछरौली पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। आमजन की सेहत से खिलवाड़ रोकने के मकसद से प्रशासन ने छछरौली के मुख्य बाजार में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कई प्रमुख मिठाई दुकानों पर अचानक हुई छापेमारी से हड़कंप मच गया।
यह पूरी कार्रवाई जिला उपायुक्त (DC) प्रीति के सख्त आदेशों और एसडीएम छछरौली जसपाल सिंह गिल के दिशा-निर्देशों में अंजाम दी गई। बीडीपीओ कार्तिक चौहान और खाद्य आपूर्ति अधिकारी (FSO) गुलाब सिंह की संयुक्त टीम ने दलबल के साथ छछरौली बाजार का निरीक्षण किया। टीम ने बाजार की करीब पांच से छह बड़ी मिठाई दुकानों में जाकर साफ-सफाई का जायजा लिया और वहां तैयार की जा रही विभिन्न मिठाइयों के सैंपल कलेक्ट किए। एकत्र किए गए सभी सैंपलों को सील कर आधिकारिक जांच के लिए लैब भेज दिया गया है।
रिपोर्ट आने के बाद होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी दुकान की मिठाई में मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त से सख्त नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मामले की जानकारी देते हुए एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों और मावे की खपत अचानक बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाकर कुछ असमाजिक तत्व घटिया सामग्री बेचने की कोशिश करते हैं। एसडीएम ने सभी दुकानदारों और मिष्ठान भंडार संचालकों को सख्त हिदायत दी कि वे ग्राहकों को केवल शुद्ध, ताजा और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां ही उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि मिठाइयों के निर्माण और उनके रख-रखाव के समय स्वच्छता के मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए।
आगे भी जारी रहेगा चेकिंग अभियान: एसडीएम
एसडीएम ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “मुनाफे के लालच में आकर बासी या मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचना सीधे तौर पर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपमंडल छछरौली में यह चेकिंग अभियान केवल एक दिन का नहीं है, बल्कि आने वाले पूरे त्योहारी सीजन में इस प्रकार का निरीक्षण लगातार जारी रहेगा।”
प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद से छछरौली बाजार के दुकानदारों में हड़कंप का माहौल है। वहीं आम नागरिकों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है ताकि त्योहारों में उन्हें शुद्ध मिठाइयां मिल सकें।
यह भी पढ़ें– कलेसर में 50 साल पुराने आम के 5 फलदार पेड़ काटने पर बवाल, खेत मालिक ने सरपंच प्रतिनिधि पर लगाया आरोप

