Kaithal News: कैथल की सड़कों पर बुलेट बाइक से तेज आवाज में पटाखे बजाकर दहशत फैलाने वाले मनचलों और हुड़दंगियों को ट्रैफिक पुलिस ने कड़ा सबक सिखाया है। पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों में चलाए गए चेकिंग अभियानों के दौरान जब्त किए गए सैकड़ों मॉडिफाइड साइलेंसरों पर गुरुवार को पिहोवा चौक पर सार्वजानिक रूप से रोड रोलर चलवाकर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया।
ट्रैफिक पुलिस की इस बड़ी और सख्त कार्रवाई का मुख्य मकसद नियम तोड़कर बेधड़क घूम रहे बाइक राइडरों को सीधा संदेश देना था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर के स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटरों के बाहर अक्सर कुछ युवक अपनी बुलेट में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर अचानक पटाखे जैसी तेज आवाजें निकालते थे। इस हुड़दंगबाजी से न केवल छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता था, बल्कि सड़कों पर गुजरने वाले आम राहगीरों और बुजुर्गों में भी दहशत का माहौल बन जाता था।
मौके पर मैकेनिक बुलाकर उतरवाए साइलेंसर, फिर चला रोड रोलर
पुलिस ने केवल चालान काटकर औपचारिकता पूरी नहीं की, बल्कि ऐसे बाइकर्स के खिलाफ मौके पर ही सख्त कदम उठाया गया। अभियानों के दौरान जैसे ही ऐसी कोई बाइक पकड़ में आती, पुलिसकर्मी तुरंत मैकेनिक को मौके पर बुलाकर अवैध साइलेंसर उतरवा लेते थे और बाइक में कंपनी का निर्धारित मानकों वाला साइलेंसर लगवाया जाता था।
जब्त किए गए इन साइलेंसरों को दोबारा बाजार या किसी बाइक में इस्तेमाल होने से रोकने के लिए पुलिस इन्हें पिहोवा चौक लेकर पहुंची। इसके बाद सार्वजनिक तौर पर रोड रोलर मंगाकर इन सभी साइलेंसरों का चूरा बना दिया गया, ताकि दूसरों को भी इससे सीख मिल सके।
अब गांवों और कस्बों में भी चलेगा पुलिस का अभियान: एसएचओ
मामले की जानकारी देते हुए ट्रैफिक एसएचओ रमेश चंद्र ने साफ लहजे में कहा कि शहर की कानून व्यवस्था और शांति से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि ये साइलेंसर खासतौर पर उन युवकों की गाड़ियों से उतारे गए हैं जो शैक्षणिक संस्थानों के आसपास छात्राओं को परेशान करने और रौब गालिब करने के उद्देश्य से तेज आवाजें निकालते थे।
एसएचओ ने स्पष्ट किया कि कैथल पुलिस का यह अभियान केवल शहर तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में जिले के कस्बों और ग्रामीण इलाकों में भी इसी तरह की सख्त चेकिंग चलाई जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले बुलेट चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर, 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

