Yamunanagar SDM Attacked Mining: यमुनानगर जिले से प्रशासनिक महकमे को हिला देने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। साढौरा इलाके में अवैध खनन पर नकेल कसने पहुंचे व्यासपुर के एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह को एक डंपर चालक ने कथित तौर पर कुचलने की कोशिश की। आरोपी चालक ने प्रशासनिक अधिकारी को डराने और जान से मारने की नीयत से वाहन को सीधे उनकी तरफ भगाया। गनीमत यह रही कि एसडीएम ने फुर्ती दिखाते हुए किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन इस दुस्साहस ने क्षेत्र में खनन माफिया के बढ़तेौसलों की पोल खोलकर रख दी है।
घटना शनिवार सुबह की है जब एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में शिरकत करने साढौरा रेस्ट हाउस की तरफ जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने एक संदिग्ध डंपर देखा, जिसकी नंबर प्लेट पर मिट्टी पुती हुई थी और उस पर अवैध खनन सामग्री ढोने का पूरा संदेह था।
रोकने का इशारा किया तो डंपर चालक ने बढ़ा दी रफ्तार, क्रेटा कार ने की घेराबंदी
जैसे ही एसडीएम ने अपनी गाड़ी से उस डंपर को रुकने का इशारा किया, चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी स्पीड और तेज कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों और शिकायत के अनुसार, चालक ने एसडीएम को कुचलने के इरादे से डंपर उनकी गाड़ी की तरफ मोड़ दिया। अपनी जान बचाते हुए एसडीएम ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी और अपनी सरकारी गाड़ी से ही डंपर का पीछा करना शुरू कर दिया।
माफियाओं का नेटवर्क कितना मजबूत है, इसकी बानगी इस बात से मिलती है कि जब एसडीएम डंपर का पीछा कर रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक सफेद रंग की हुंडई क्रेटा कार ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोकने की कोशिश की। क्रेटा चालक ने जानबूझकर सड़क पर जिग-जैग तरीके से गाड़ी दौड़ाई और अचानक ब्रेक लगाए, ताकि एसडीएम का वाहन आगे न निकल सके और डंपर चालक को भागने का पूरा मौका मिल सके।
एसडीएम ने अपने फोन में कैद किया पूरा खौफनाक मंजर
इस हाई-वोल्टेज और खतरनाक ड्रामे के दौरान प्रशासनिक मुस्तैदी दिखाते हुए एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने इस पूरी घटना की वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। यह वीडियो अब पुलिस जांच का एक अहम हिस्सा बन गई है, जिसमें आरोपियों की कारगुजारियां साफ तौर पर कैद हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सढौरा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। सढौरा थाना प्रभारी लखविंद्र सिंह ने मीडिया को जानकारी दी कि एसडीएम की शिकायत के आधार पर डंपर चालक और क्रेटा कार में सवार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और सरकारी काम में बाधा डालने समेत विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में सुबह-शाम बढ़ी ठंड और छाएगी धुंध, जानिए अपने जिले का मौसम

