Yamunanagar News: यमुनानगर जिले के जगाधरी सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव मांडखेड़ी में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए शातिर अपराधियों ने दिनदहाड़े एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। भिखारी के भेष में आए एक युवक ने घर में अकेली मौजूद 48 वर्षीय महिला को झांसा देकर पहले पीने के लिए पानी मांगा और फिर नशीला पदार्थ सुंघाकर बेसुध कर दिया।
इसके बाद आरोपी महिला के कानों में पहनी सोने की बालियां उतरवाकर मौके से चंपत हो गया। लूटी गई बालियों की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है। शनिवार दोपहर हुई इस घटना के बाद से ही गांव में दहशत का माहौल है।
पड़ोसी का दरवाजा नहीं खुला तो राजीव के घर की तरफ बढ़ा आरोपी
पीड़ित महिला के पति राजीव कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार को वह किसी निजी काम से रिश्तेदार के घर गए हुए थे और घर पर उनकी पत्नी उषा अकेली थीं। दोपहर करीब साढ़े 11 बजे सफेद कुर्ता-पायजामा पहने और सिर पर हरे रंग का साफा बांधे एक व्यक्ति उनके घर के बाहर पहुंचा।
उसके दो अन्य साथी हाथ में चादर लेकर गली में थोड़ा आगे चले गए थे। आरोपी ने सबसे पहले पड़ोसी के घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन जब अंदर से किसी ने गेट नहीं खोला तो वह करीब दो मिनट इंतजार करने के बाद राजीव के घर का दरवाजा खटखटाने लगा।
पानी मांगकर सुंघाया सुंघनी, होश आया तो कानों से गायब थीं बालियां
राजीव के मुताबिक दरवाजा खुलने पर आरोपी ने पीने के लिए पानी मांगा। जैसे ही उषा अंदर से पानी का गिलास लेकर बाहर आईं और गिलास आरोपी को थमाया, उसने अचानक कोई जहरीला/नशीला पदार्थ महिला के नाक के पास कर दिया। सुंघनी सुंघाते ही उषा मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। इसके बाद बड़ी सफाई से आरोपी उनके दोनों कानों से सोने की बालियां निकालकर गली में खड़े अपने साथियों संग बाइक पर सवार होकर रफूचक्कर हो गया।
कुछ देर बाद जब उषा को होश आया और कानों में हाथ लगाया तो बालियां गायब थीं। उन्होंने तुरंत अपने भतीजे को फोन कर आपबीती बताई, जिसके बाद राजीव भी आनन-फानन में गांव पहुंचे।
पड़ोस के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हरकत, पुलिस ने दर्ज किया केस
राजीव के घर के बाहर तो सीसीटीवी नहीं था, लेकिन जब पड़ोस में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो उसमें सफेद कुर्ते-पायजामे वाले आरोपी की संदिग्ध गतिविधियां और बाद में तीनों साथियों का बाइक पर भागना साफ नजर आया।
जगाधरी सदर थाना पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी गुरमेज सिंह ने बताया कि पीड़ित राजीव कुमार की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों के भागने के रूट को ट्रैक किया जा रहा है और जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

