Nuh Crime: बिजली काम के नाम पर महिला से मांगी घूस, गौशाला रोड पर रंगे हाथ धरे गए 2 कर्मचारी
Nuh Crime
Nuh Crime: हरियाणा के नूंह जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। नूंह शहर के गौशाला रोड पर बिछाए गए जाल में बिजली निगम के दो कर्मचारियों को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोचा गया। यह पूरी कार्रवाई एक पीड़ित महिला की शिकायत पर अंजाम दी गई, जो अपने जायज सरकारी काम के लिए दफ्तरों के चक्कर काट-काटकर परेशान हो चुकी थी।
सरकारी काम के बदले मांगी थी घूस, महिला ने ACB से लगाई गुहार
गिरफ्तार किए गए कर्मचारियों की पहचान गुलालता गांव निवासी फारुख और सियापनकी गांव के रहने वाले सलमान के रूप में हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, फारुख उजीना फीडर पर लाइनमैन के पद पर कार्यरत है, जबकि सलमान नूंह स्थित बिजली निगम के कार्यालय में क्लर्क की जिम्मेदारी संभाल रहा है। पीड़ित महिला का आरोप था कि उसके घर का काम लटकाकर लाइनमैन फारुख और क्लर्क सलमान लगातार 5,000 रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे। पैसे न देने पर काम न करने की धमकी दी जा रही थी।
गौशाला रोड पर बिछाया जाल, साथी की गाड़ी में रिश्वत लेते ही धरे गए
कर्मचारियों की अड़ंगेबाजी से तंग आकर महिला ने सीधा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम से संपर्क साधा और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की सत्यता परखने के बाद ACB अधिकारियों ने तुरंत एक विशेष रेडिंग टीम का गठन किया। योजना के तहत महिला को कैमिकल लगे 5 हजार रुपये देकर तय स्थान पर भेजा गया। मंगलवार को जैसे ही लाइनमैन फारुख अपने साथी क्लर्क सलमान की गाड़ी में सवार होकर गौशाला रोड के पास पहुंचा और महिला से रिश्वत की रकम थामी, आसपास सादे कपड़ों में मुस्तैद ACB टीम ने तुरंत उसे दबोच लिया।
गाड़ी समेत दोनों कर्मचारी हिरासत में, कड़ाई से पूछताछ जारी
ACB की टीम ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद करने के साथ ही फारुख और गाड़ी चला रहे क्लर्क सलमान दोनों को हिरासत में ले लिया। हाथों की जांच में फिनॉल्पथलीन पाउडर का रंग आते ही दोनों कर्मचारियों की चालाकी धरी की धरी रह गई। ACB अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस रिश्वतखोरी के खेल में बिजली निगम के कुछ अन्य वरिष्ठ अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल थे।
यह भी पढ़ें–Narnaul Theft News: नारनौल में बंद मकान से 2 लाख कैश और जेवर चोरी, पिता के तीये में रोहतक गया था परिवार
