Haryana Weather News: हरियाणा में बारिश से बढ़ीं मुश्किलें, रेवाड़ी में बारिश से मकान ढहा, कई जिलों में बारिश का अलर्ट
रेवाड़ी में बारिश से मकान ढहा, कई जिलों में बारिश का अलर्ट
Haryana Weather News: हरियाणा में मानसूनी बारिश ने गुरुवार को कई जिलों में जनजीवन प्रभावित कर दिया। हिसार, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और रेवाड़ी में हुई बारिश के बीच रेवाड़ी के कोहरड़ गांव में एक मकान ढह गया। हादसे में ओमप्रकाश की 28 वर्षीय पुत्रवधू ज्योति और उनका 7 वर्षीय भतीजा मलबे में दबकर घायल हो गए। दोनों को बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया। मकान गिरने से पड़ोसी ईश्वर के घर की दीवार का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
दूसरी ओर गुरुग्राम में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया। मानेसर के पास नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लगा, जबकि सेक्टर-55 में पानी भरने से स्कूली बस समेत कई वाहन फंस गए। बढ़ती परेशानी को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने निजी कंपनियों और कॉर्पोरेट संस्थानों से अधिकतम कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने की अपील की है।
रेवाड़ी में बारिश बनी हादसे की वजह – Haryana Weather News
रेवाड़ी के कोहरड़ गांव में बुधवार शाम हुई बारिश के दौरान मकान अचानक भरभराकर गिर गया। सरपंच प्रतिनिधि रणबीर के अनुसार हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के भीतर मौजूद थे।(Haryana Weather News)मलबे में दबने से ज्योति को चोटें आईं, जबकि उनके 7 वर्षीय भतीजे को मामूली चोट लगी। मकान गिरने से पड़ोसी के घर की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल रहा।
गुरुग्राम में जलभराव से ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित
गुरुग्राम में बारिश के बाद कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया। मानेसर के पास नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सेक्टर-55 में जलभराव के कारण कई वाहन और स्कूली बसें बीच रास्ते में फंस गईं। स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर कंपनियों से कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देने की अपील की, ताकि सड़कों पर यातायात का दबाव कम किया जा सके।
यह भी पढ़ें– https://www.jagmarg.com/punjab-weather-rain-alert-jalandhar-rain-news/
यमुनानगर में तटबंध टूटा, सैकड़ों एकड़ फसल डूबी – Haryana Weather News
यमुनानगर के रायपुर गांव के पास पथराला नदी का तटबंध टूटने से नदी का पानी आसपास के खेतों में फैल गया। इससे तरुवाला, रायपुर, बलौली, याकूबपुर और ऊर्जनी समेत कई गांवों की सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई। जानकारी के अनुसार पथराला नदी में करीब 5,700 क्यूसेक पानी बह रहा है, जबकि 5,000 क्यूसेक जलप्रवाह पर बाढ़ जैसी स्थिति मानी जाती है। इससे किसानों की फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है।
हथिनीकुंड बैराज पर बढ़ा जलस्तर, दिल्ली की ओर छोड़ा गया पानी – Haryana Weather News
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कैचमेंट क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज पर पानी का प्रवाह तेजी से बढ़ा। मंगलवार को यहां जलप्रवाह 79,620 क्यूसेक तक पहुंच गया। इसके बाद बैराज के 18 में से 15 गेट खोलकर 63,110 क्यूसेक पानी दिल्ली की ओर छोड़ा गया। प्रशासन के अनुसार यह पानी आज दिल्ली क्षेत्र में पहुंचने की संभावना है।
आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट – Haryana Weather News
मौसम विभाग(meteorological department) चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार फतेहाबाद, हिसार, हांसी, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद और पलवल में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित होने और कमजोर मकानों के आसपास सतर्क रहने की सलाह दी गई है। किसानों को भी खेतों में जलभराव की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत होगी।
