August 8, 2026

Faridabad News: फरीदाबाद अंडरपास में फिर टला बड़ा हादसा, पानी में डूबी कार और स्कूल बस, 50 से ज्यादा इलाके जलमग्न

0
Faridabad News: फरीदाबाद अंडरपास में फिर टला बड़ा हादसा, पानी में डूबी कार और स्कूल बस, 50 से ज्यादा इलाके जलमग्न

फरीदाबाद अंडरपास में फिर टला बड़ा हादसा, पानी में डूबी कार और स्कूल बस

Faridabad News: औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में शुक्रवार को हुई 113 मिलीमीटर की मूसलाधार बारिश ने प्रशासनिक तैयारियों की पूरी तरह पोल खोल दी है। शहर के प्रमुख ओल्ड और ग्रीनफील्ड रेलवे अंडरपास में कई फीट पानी भर जाने के बाद शनिवार को भी इन्हें यातायात के लिए पूरी तरह बंद रखा गया है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने अंडरपास के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर जवानों को तैनात कर दिया है। इधर, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान फरीदाबाद समेत आसपास के इलाकों में फिर से भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है, जिससे नागरिकों की चिंताएं और बढ़ गई हैं।

अंडरपास बना ‘स्विमिंग पूल’, फॉर्च्यूनर डूबी और बस की छत पर चढ़े चालक

शुक्रवार को बारिश के दौरान ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरपास में पानी का स्तर तेजी से बढ़ा, जिसके चलते एक निजी स्कूल की बस और फॉर्च्यूनर कार गहरे पानी में समा गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय बस में स्कूली बच्चे मौजूद नहीं थे। पानी बढ़ता देख बस चालक और सहयोगी अपनी जान बचाने के लिए बस की छत पर चढ़ गए, जिन्हें बाद में पुलिस टीम ने सुरक्षित निकाला। वहीं, शाम के समय पानी में फंसी फॉर्च्यूनर कार के 60 वर्षीय चालक को स्थानीय युवाओं और पुलिस ने खिड़की का शीशा तोड़कर अचेत अवस्था में बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

2024 के हादसे से भी नहीं लिया सबक, स्टील गेट के बाहर तक भरा पानी

ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास में जलभराव की समस्या बेहद पुरानी और जानलेवा रही है। 13 सितंबर 2024 को इसी अंडरपास में 10 से 11 फीट पानी भरने के कारण एक एसयूवी कार डूब गई थी, जिसमें फंसकर गुरुग्राम के एक निजी बैंक के मैनेजर पुण्यश्रेय शर्मा और कैशियर विराज द्विवेदी की दम घुटने से मौत हो गई थी। उस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन ने पानी भरने पर वाहनों को रोकने के लिए मुहाने पर लोहे के गेट लगाए थे। हालांकि, शुक्रवार को हालात इतने बदतर थे कि फतेहपुर चंदीला की तरफ लगे गेट से पहले ही सड़क पर 7 से 8 फीट पानी जमा हो गया, जिससे वाहन चालक बिना अंडरपास में घुसे ही जलभराव की चपेट में आ गए।

हाईवे से लेकर पॉश सेक्टर जलमग्न, FMDA का राहत कार्य जारी

बारिश के कारण डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर सेक्टर-37 के पास करीब डेढ़ फीट पानी जमा रहा, जिससे दर्जनों गाड़ियां और ऑटो बीच रास्ते में बंद हो गए। इसके अलावा नेशनल हाईवे के मुजेसर मोड़, अजरौंदा, बल्लभगढ़ बस अड्डे, सेक्टर-14, 16, दयाल बाग और पल्ला-इस्माइलपुर रोड समेत 50 से अधिक स्थानों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। एफएमडीए (FMDA) के अधिशासी अभियंता (XEN) ओमदत ने बताया कि उम्मीद से कहीं अधिक बारिश होने के कारण यह स्थिति बनी है। पानी निकासी के लिए भारी क्षमता वाले पंप लगाए गए हैं और शहर भर में जलभराव हटाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।

यह भी पढ़ें– हरियाणा में फिर एक्टिव हुआ मानसून, गुरुग्राम-हिसार समेत 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed