August 8, 2026

Hisar News: हिसार में डेयरी संचालक जीवन हत्याकांड पर भड़कीं खापें, एसपी दफ्तर के बाहर रोड जाम

0
Hisar News: हिसार में डेयरी संचालक जीवन हत्याकांड पर भड़कीं खापें, एसपी दफ्तर के बाहर रोड जाम

हिसार में डेयरी संचालक जीवन हत्याकांड पर भड़कीं खापें, एसपी दफ्तर के बाहर रोड जाम

Hisar News: हिसार के सूर्यनगर में डेयरी संचालक जीवन की जघन्य हत्या के मामले में खाप पंचायतों और पीड़ित परिवार का आक्रोश अब उग्र रूप ले चुका है। पुलिस द्वारा 48 घंटे बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार न किए जाने से नाराज पूनिया और कुंडू खाप के प्रतिनिधियों ने शनिवार को लघु सचिवालय के सामने सड़क पर जाम लगा दिया। खाप और परिजनों ने स्पष्ट ऐलान किया है कि जब तक सभी कातिलों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा जाता, तब तक जीवन का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा और लघु सचिवालय के बाहर अनिश्चितकालीन पक्का धरना जारी रहेगा।

4 घंटे इंतजार कराया, जाम लगाते ही 3 मिनट में पहुंचे एसपी

पूनिया खाप के प्रधान शमशेर सिंह ने पुलिस-प्रशासन के रवैये पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने बताया कि प्रशासन को दिए गए 48 घंटे के अल्टीमेटम की अवधि पूरी होने के बाद खाप प्रतिनिधि और परिजन एसपी सिद्धांत जैन से मिलने लघु सचिवालय पहुंचे थे।

परिजनों का आरोप है कि उन्हें अधिकारियों द्वारा 3 से 4 घंटे तक यह कहकर टरकाया गया कि एसपी शहर में नहीं हैं और छुट्टी पर हैं। लेकिन जैसे ही खाप सदस्यों ने सड़क पर उतरकर जाम लगाया, एसपी सिद्धांत जैन मात्र 3 मिनट के भीतर वर्दी पहनकर मौके पर पहुंच गए। हालांकि, उनके आश्वासन से असंतुष्ट खाप प्रतिनिधियों ने उन्हें वापस भेज दिया और धरने पर बैठ गए।

‘जबरदस्ती अंतिम संस्कार की दी गई थी धमकी’

खाप प्रधान शमशेर सिंह का आरोप है कि पुलिस प्रशासन शुरुआत से ही मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। दो दिन पहले एक एसएचओ ने पीड़ित परिवार को डराते-धमकाते हुए जबरन अंतिम संस्कार करवाने की बात कही थी, जिसके बाद खाप पंचायतों को हस्तक्षेप करना पड़ा। खाप नेताओं का कहना है कि यह महज हत्या नहीं बल्कि एक सोची-समझी साजिश है, इसलिए पुलिस आरोपियों का कड़ा इलाज करे और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाए।

4 अगस्त को गोबर फेंकने के विवाद में की गई थी बर्बरता

गौरतलब है कि 4 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 5 बजे सूर्यनगर में रहने वाले डेयरी संचालक जीवन अपनी बाइक-ट्रॉली में गोबर लेकर रेलवे लाइन की तरफ डालने जा रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले रमेश और उसके साथ आए 10-12 हमलावरों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से बेदर्दी से पीटना शुरू कर दिया। आरोपी जीवन को तब तक पीटते रहे जब तक वह अधमरा होकर ज़मीन पर नहीं गिर गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान जीवन की मौत हो गई थी।

मौत से पहले का वीडियो बना मुख्य सबूत, पुरानी रंजिश का मामला

घटना के बाद जीवन का एक 1 मिनट 12 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसे मौत से कुछ देर पहले रिकॉर्ड किया गया था। वीडियो में जीवन के दोनों पैरों पर चोट के गहरे निशान दिख रहे हैं और वह बता रहे हैं कि उनके पड़ोसी रमेश, मोल्हड़ और 15-20 अज्ञात युवकों ने मिलकर उन पर जानलेवा हमला किया व उनकी टांगें तोड़ दीं।

परिजनों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच करीब डेढ़ महीने पहले गोबर डालने को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद डेयरी में हौद (खोर) बनाने के दौरान भी रमेश पक्ष ने जीवन की पत्नी पर बरछी से हमला किया था, जिसकी शिकायत पहले भी पुलिस में दर्ज कराई गई थी।

यह भी पढ़ें– Charkhi Dadri News: चरखी दादरी में थाने के बाहर गोलियां चलाने वाला रोहित कातिया एनकाउंटर में गिरफ्तार, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed