Har Ghar Tiranga Yatra: देहरादून में सीएम धामी ने की ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ की अगुवाई, घंटाघर तक उमड़ा जनसैलाब
देहरादून में सीएम धामी ने की 'हर घर तिरंगा यात्रा' की अगुवाई, घंटाघर तक उमड़ा जनसैलाब
Har Ghar Tiranga Yatra: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में राष्ट्रभक्ति का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांधी पार्क से ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ की अगुवाई की।
यात्रा की शुरुआत से पूर्व उन्होंने घंटाघर पहुंचकर उत्तराखंड आंदोलन के पुरोधा स्व. इन्द्रमणी बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वे हजारों नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं के साथ हाथ में तिरंगा थामे गांधी पार्क से घंटाघर तक पैदल चले।
‘देवभूमि ही वीरभूमि है’— सेना के पराक्रम और सीमाओं की रक्षा पर बोले मुख्यमंत्री
जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा करोड़ों भारतवासियों के स्वाभिमान और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है, जिसके हर दूसरे परिवार का बेटा देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना का मनोबल बढ़ा है और सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर रक्षा निर्यात तक, भारत अपनी ताकत का लोहा मनवा रहा है। राज्य सरकार पूर्व सैनिकों, शहीद परिवारों और वीर जवानों के कल्याण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
उत्तराखंड में विकास का नया अध्याय: प्रति व्यक्ति आय में 41% का ऐतिहासिक उछाल
राज्य की प्रगति का लेखा-जोखा पेश करते हुए सीएम धामी ने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के तहत उत्तराखंड बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी को तेजी से मजबूत कर रहा है। पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी (GSDP) में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की अभूतपूर्व बढ़ोतरी हुई है।
प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और 1,750 से ज्यादा नए स्टार्टअप्स शुरू हुए हैं। यही वजह है कि राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने को मिली है और नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों (SDG) में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान हासिल किया है।
‘मूल स्वरूप से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’— भू-माफियाओं, अवैध मदरसों और धांधली पर चला हंटर
मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि देवभूमि के मूल स्वरूप के साथ किसी को भी खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। सरकार ने राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून, कड़ा धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता (UCC) लागू किया है।
उन्होंने बताया कि अब तक करीब 13 हजार एकड़ सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है। 250 से अधिक अवैध मदरसों को बंद कर मदरसा बोर्ड की जगह ‘उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण’ का गठन किया गया है। पारदर्शिता के बल पर पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
इस भव्य तिरंगा यात्रा में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, कुंदन परिहार, दीप्ति रावत समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा में 10 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, हिसार मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
