Haryana News: सीएम नायब सैनी की बड़ी सौगात, सीएम नायब सैनी ने 50 लाख लोगों के खातों में भेजे 1595 करोड़ रुपये

दयालु योजना से मिला परिवारों को सहारा, सीएम सैनी ने बांटे 234 करोड़; किसानों को भी मिली राहत
Haryana News: सुशासन और पारदर्शिता के वादे को निभाते हुए हरियाणा सरकार ने सोमवार को प्रदेशवासियों के लिए सरकारी खजाने का मुंह खोल दिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक विशेष लाभ वितरण कार्यक्रम के दौरान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से राज्य की 19 कल्याणकारी योजनाओं के 50 लाख 4 हजार 873 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे 1595 करोड़ 50 लाख रुपये की धनराशि जमा कराई।
इसके तुरंत बाद आयोजित एक पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री ने योजनावार आंकड़े साझा करते हुए कहा कि यह पारदर्शी व्यवस्था आम जनता के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।
लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त जारी, पेंशनधारकों को मिले 1124 करोड़
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम नायब सैनी ने बताया कि सरकार की बहुचर्चित ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ की 10वीं किस्त जारी कर दी गई है।
इसके तहत प्रदेश की 9 लाख 98 हजार लाभार्थी बहन-बेटियों के खातों में 209 करोड़ 62 लाख रुपये की राशि भेजी गई। मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि इस योजना के अंतर्गत अब तक 10 किस्तों के जरिए कुल 2 हजार 42 करोड़ 31 लाख रुपये वितरित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही, बुजुर्गों और दिव्यांगों सहित 15 विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 34 लाख 93 हजार 978 लाभार्थियों के खातों में 1124 करोड़ 94 लाख रुपये की राशि सीधे पहुंचाई गई।
दयालु योजना और गैस सब्सिडी से आम परिवारों को बड़ा सहारा
विपदा की घड़ी में नागरिकों का हाथ थामने वाली ‘दयालु योजना’ का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 6,224 जरूरतमंद परिवारों को 234 करोड़ 77 लाख रुपये की सहायता दी गई।
इस योजना के तहत अब तक 83,536 परिवारों को कुल 3,152 करोड़ 48 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं। वहीं, रसोई के बजट में राहत देने वाली ‘हर घर हर गृह योजना’ के तहत 4 लाख 93 हजार 434 बहनों को जून महीने की 19 करोड़ 17 लाख रुपये की एलपीजी सब्सिडी हस्तांतरित की गई। इस सब्सिडी योजना का कुल आंकड़ा अब 340 करोड़ 14 लाख रुपये तक पहुंच गया है।
किसानों को हरित खाद के लिए 7 करोड़, 14 अगस्त को गुरुग्राम में राज्य स्तरीय आयोजन
खेती-किसानी को बढ़ावा देने के क्रम में खरीफ सीजन 2026-27 में 70 हजार एकड़ में ढेंचा और मूंग की खेती करने वाले 13,237 किसानों के बैंक खातों में 7 करोड़ रुपये की राशि प्रोत्साहन के तौर पर डाली गई। प्रेस वार्ता के समापन पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगामी 14 अगस्त को गुरुग्राम में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ का राज्य स्तरीय कार्यक्रम पूरे सम्मान और भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें– Rewari Accident: रेवाड़ी में बहन को तीज देकर लौट रहे दो सगे भाइयों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौके पर मौत
