Ambala News: अंबाला में मूकबधिर बच्ची को अकेली देख घर में घुसा पड़ोसी, छोटी बहन ने शोर मचाकर बचाई जान

अंबाला में मूकबधिर बच्ची को अकेली देख घर में घुसा पड़ोसी, छोटी बहन ने शोर मचाकर बचाई जान
Ambala News: अंबाला के बलदेव नगर थाना क्षेत्र से एक दिल नहला देने वाली और सामाजिक ताने-बाने को तार-तार करने वाली घटना सामने आई है। घर में अकेली मौजूद 13 साल की मूकबधिर (बोलने और सुनने में असमर्थ) बच्ची की बेबसी का फायदा उठाकर एक पड़ोसी ने दरिंदगी करने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि पीड़िता की छोटी बहन सही वक्त पर घर पहुंच गई और उसके शोर मचाने पर आरोपी को दुम दबाकर भागना पड़ा।
साजिश के तहत छोटी बहन को भेजा बाहर, फिर की घिनौनी हरकत
घटना शनिवार (8 अगस्त) की बताई जा रही है। पीड़िता के माता-पिता रोजाना की तरह सुबह ही दिहाड़ी-मजदूरी पर चले गए थे और घर पर दोनों बहनें अकेली थीं। इसी बात का फायदा उठाकर पड़ोसी सुधीर कुमार की नीयत डोल गई। उसने बेहद चालाकी से पहले छोटी बहन को किसी बहाने से घर से बाहर भेज दिया। इसके बाद वह मकान में दाखिल हुआ और बोलने व सुनने में असमर्थ बच्ची के साथ जबरदस्ती करते हुए छेड़खानी करने लगा।
छोटी बहन की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
कुदरत का करिश्मा कहें या मासूम की सतर्कता, जब छोटी बहन अचानक घर वापस लौटी तो उसने आरोपी सुधीर को अपनी मूकबधिर बहन के साथ घिनौनी हरकत करते देख लिया। बिना डरे मासूम ने तुरंत चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। छोटी बहन के शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग सतर्क होते, उससे पहले ही बेनकाब हुआ आरोपी सुधीर मौके से फरार हो गया। शाम को जब माता-पिता काम से लौटे तो बच्चियों ने सहमे हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी सलाखों के पीछे
मामले की गंभीरता को देखते हुए बदहवास माता-पिता तुरंत बलदेव नगर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। बलदेव नगर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी सुधीर कुमार के खिलाफ सख्त धाराओं और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
यह भी पढ़ें– यमुनानगर में गलती से निगली जहरीली दवा, 3 दिन इलाज के बाद 28 साल के युवक की मौत
