August 10, 2026

Kaithal News: कैथल में डाक कांवड़ियों की पिकअप दुर्घटनाग्रस्त, पेड़ से टकराई गाड़ी, सिरसा जा रहे 6 शिवभक्त घायल

0
Kaithal News: कैथल में डाक कांवड़ियों की पिकअप दुर्घटनाग्रस्त, पेड़ से टकराई गाड़ी, सिरसा जा रहे 6 शिवभक्त घायल

कैथल में डाक कांवड़ियों की पिकअप दुर्घटनाग्रस्त, पेड़ से टकराई गाड़ी

Kaithal News: हरिद्वार से कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्तों के साथ कैथल जिले के ढांड कस्बे में बड़ा हादसा हो गया। पबनावा गांव के पास डाक कांवड़ियों की एक पिकअप गाड़ी अचानक संतुलन बिगड़ने से सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक दुर्घटना में गाड़ी में सवार करीब आधा दर्जन कांवड़िये घायल हो गए। हादसे के वक्त पिकअप में 12 से 15 शिवभक्त सवार थे, जो हरिद्वार से जल उठाकर सिरसा की ओर जा रहे थे।

सामने आए वाहन को बचाते वक्त गड्ढे में उतरी गाड़ी

दुर्घटना का शिकार हुए सिरसा के गांव ढूपड़ा निवासी घायल कांवड़िए रोहित और अमित ने बताया कि वे सोमवार सुबह कुरुक्षेत्र की ओर से ढांड में प्रवेश कर रहे थे। तभी अचानक सामने से एक तेज रफ्तार वाहन आ गया। उसे बचाने के चक्कर में चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और पिकअप सड़क किनारे बने गड्ढों में उतरती हुई सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर बैठे युवाओं में चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को पहुंचाया अस्पताल

धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ढांड थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला और तुरंत एंबुलेंस के जरिए कैथल के नागरिक अस्पताल भिजवाया। घायल हुए सभी युवाओं—सोनू, दक्ष, आशीष, तरुण, अमित और रोहित—की उम्र 20 से 25 साल के बीच बताई जा रही है।

डॉक्टर बोले- सभी घायल खतरे से बाहर, 3 को मिली छुट्टी

नागरिक अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि पबनावा के पास हुए हादसे के बाद 6 घायलों को अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों की टीम ने मुस्तैदी से प्राथमिक उपचार दिया। अधिकांश युवकों के सिर और हाथ-पैर में हल्की चोटें आई हैं। एहतियात के तौर पर सीटी स्कैन कराया जा रहा है ताकि अंदरूनी चोट का पता चल सके। फिलहाल 3 कांवड़ियों की हालत बिल्कुल सामान्य होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि 3 अन्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी कांवड़िये पूरी तरह सुरक्षित हैं।

यह भी पढ़ें– कैथल में बैन के बावजूद धड़ल्ले से बिक रहा चाइनीज मांझा, डीसी अपराजिता ने दिए रेड के सख्त आदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed