August 10, 2026

Bhiwani News: भिवानी में निर्माणाधीन भवन से गिरी महिला मजदूर, परिजनों का अस्पताल पर हंगामा

0
Bhiwani News update

भिवानी में निर्माणाधीन लघु सचिवालय की चौथी मंजिल से गिरकर महिला मजदूर की मौत

Bhiwani News: भिवानी में एक बेहद दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय महिला मजदूर की जान चली गई। चिड़ियाघर के सामने निर्माणाधीन नए लघु सचिवालय भवन की चौथी मंजिल पर काम करने के दौरान महिला अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे आ गिरी। गंभीर हालत में परिजनों उसे तुरंत नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले (गांव गौरी सागर) निवासी हल्ली के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद जहां तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है, वहीं परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं।

चौथी मंजिल से गिरी, तीन बच्चों की मां थी मृतका

मृतका के पति उत्तम ने बताया कि वे परिवार का गुजर-बसर करने के लिए भिवानी आए थे और सिटी स्टेशन के पास रह रहे थे। सोमवार को हल्ली निर्माणाधीन लघु सचिवालय की चौथी मंजिल पर मजदूरी का काम कर रही थी कि अचानक हादसे का शिकार हो गई। मृतका अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गई है। मृतका की बहन सपना ने रोते हुए बताया कि हादसे के बाद हल्ली होश में थी और दर्द से कराहते हुए डॉक्टरों से बचाने की गुहार लगा रही थी, लेकिन अस्पताल में दो घंटे रहने के बावजूद उसे समय पर उचित डॉक्टरी देखभाल नहीं मिली।

अस्पताल प्रशासन ने दी सफाई: ‘इलाज बीच में छोड़ घर ले गए थे परिजन’

दूसरी ओर, परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए नागरिक अस्पताल के पीएमओ डॉ. बलवान सिंह ने अलग ही कहानी बयां की। उन्होंने बताया कि महिला को जब इमरजेंसी में लाया गया तो डॉक्टरों ने शुरुआती प्राथमिक उपचार और पेनकिलर इंजेक्शन देने के बाद सीटी स्कैन व एक्स-रे कराने की सलाह दी थी।

लेकिन परिजन बिना जांच कराए उसे घर वापस ले गए। बाद में जब हालत बिगड़ी और उसे दोबारा लाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पीएमओ ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच कार्ड में डॉक्टर की लापरवाही नहीं पाई गई है, फिर भी यदि लिखित शिकायत मिलती है तो निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

लिखित शिकायत का इंतजार कर रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह (मोर्चरी) में रखवा दिया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी (SHO) सुमित कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची थी। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। परिजनों का बयान दर्ज होने और लिखित शिकायत मिलने के बाद ही मामले में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

यह भी पढ़ें– Nuh News: फिरोजपुर झिरका में शोले स्टाइल ड्रामा, नाबालिग ममेरी बहन से शादी कराने की मांग पर टावर पर चढ़ा कैफ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed