August 11, 2026

Haryana News: 15 अगस्त पर ‘देश के रक्षकों को सलाम’, हरियाणा के स्कूलों में पूर्व सैनिक बनेंगे मुख्य अतिथि

0
Haryana News: 15 अगस्त पर 'देश के रक्षकों को सलाम', हरियाणा के स्कूलों में पूर्व सैनिक बनेंगे मुख्य अतिथि

15 अगस्त पर 'देश के रक्षकों को सलाम', हरियाणा के स्कूलों में पूर्व सैनिक बनेंगे मुख्य अतिथि

Haryana News: हरियाणा सरकार के शिक्षा विभाग ने 79वें स्वतंत्रता दिवस को यादगार और प्रेरणादायक बनाने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के सभी प्राथमिक, माध्यमिक और वरिष्ठ माध्यमिक सरकारी स्कूलों में इस बार 15 अगस्त को ‘देश के रक्षकों को सलाम’ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस पहल की सबसे खास बात यह होगी कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में किसी राजनीतिक प्रतिनिधि या प्रशासनिक अधिकारी की जगह गांव, शहर या संबंधित वार्ड के सबसे बुजुर्ग पूर्व सैनिक को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा और उन्हीं के हाथों राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।

13 अगस्त तक निमंत्रण और भव्य स्वागत की रूपरेखा

शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) और स्कूल प्रभारियों को इस संबंध में सख्त दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। जारी शेड्यूल के मुताबिक, 12 अगस्त तक सभी स्कूलों को अपने-अपने क्षेत्र के सबसे बुजुर्ग सैनिकों और पूर्व सैनिकों का ब्योरा जुटाकर सूची तैयार करने को कहा गया है। इसके तुरंत बाद, 13 अगस्त तक स्कूल प्रबंधन की टीम व्यक्तिगत रूप से पूर्व सैनिकों के घर जाकर उन्हें सम्मानपूर्वक कार्यक्रम का निमंत्रण पत्र सौंपेगी, ताकि देश के लिए अपना जीवन देने वाले वीरों को उचित सम्मान मिल सके।

सैनिकों को पत्र लिखेंगे मासूम, तैयार होगी ‘अमर वीरों’ की पुस्तक

स्वतंत्रता दिवस के इस विशेष आयोजन में स्कूली बच्चों को जोड़ने के लिए कई रचनात्मक गतिविधियों का खाका खींचा गया है। कक्षा 3 से 5 तक के छोटे बच्चे सरहद पर तैनात देश के जवानों के नाम भावनात्मक पत्र लिखेंगे। इनमें से सर्वश्रेष्ठ चुने गए पत्रों को भारतीय सेना मुख्यालय भेजा जाएगा, जबकि अन्य पत्रों को स्कूल के सूचना बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थी अपने इलाके के स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों की जीवन गाथाएं जुटाकर एक विशेष पुस्तक तैयार करेंगे, जिसे स्कूल की लाइब्रेरी में भावी पीढ़ियों की प्रेरणा के लिए रखा जाएगा।

करियर गाइडेंस और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान

समारोह के दौरान विद्यार्थियों में देश सेवा का जज्बा जगाने के लिए विशेष सैन्य करियर सत्र आयोजित किए जाएंगे। ऑडियो-विजुअल, प्रेजेंटेशन (PPT) और लघु फिल्मों के माध्यम से बच्चों को भारतीय थल सेना, नौसेना, वायुसेना के साथ-साथ एनडीए (NDA), सैनिक स्कूलों और अन्य रक्षा सेवाओं में शामिल होने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। वहीं, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हर स्कूल परिसर में पौधे लगाए जाएंगे, जिनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी विद्यार्थियों को सौंपी जाएगी।

यह भी पढ़ें– हरियाणा में 44.84 लाख वोटरों के रिकॉर्ड में गड़बड़ी, चुनाव आयोग ने 8.91 लाख को भेजा नोटिस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *