August 11, 2026

Bahadurgarh News: “पापा आप चलो, मैं आता हूं”. और सुबह मिली बेटे की लाश, बहादुरगढ़ में डेयरी संचालक का कत्ल

0
Bahadurgarh News: "पापा आप चलो, मैं आता हूं". और सुबह मिली बेटे की लाश, बहादुरगढ़ में डेयरी संचालक का कत्ल

"पापा आप चलो, मैं आता हूं". और सुबह मिली बेटे की लाश, बहादुरगढ़ में डेयरी संचालक का कत्ल

Bahadurgarh News: हरियाणा के झज्जर जिले में क्राइम का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। बहादुरगढ़ के पास स्थित भापड़ौदा गांव में सोमवार रात को दोस्तों के साथ जमी एक महफिल खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। यहां 32 वर्षीय डेयरी संचालक ओमबीर की सिर में ईंट मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उसका दोस्त अमित इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया। मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण पशुबाड़े की तरफ पहुंचे तो वहां का खौफनाक मंजर देखकर सन्न रह गए। दोनों युवक खून से लथपथ पड़े हुए थे। आनन-फानन में घायल अमित को झज्जर स्थित वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।

“पापा आप चलो, मैं आता हूं”— बेटे के वे आखिरी शब्द

दो बेटियों के सिर से पिता का साया उठने के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। ओमबीर के पिता प्रीत सिंह ने भरे गले से बताया कि सोमवार शाम को उनका बेटा गांव के ही रवि के पशुबाड़े में अपने दोस्त अमित के साथ बैठा हुआ था। प्रीत सिंह जब वहां से गुजरे तो उन्होंने दोनों को घर लौटने की हिदायत दी थी। इस पर ओमबीर ने कहा था, “पापा, आप निकलो, मैं बस पीछे-पीछे आ रहा हूं।” पिता को लगा कि बेटा घर आ गया होगा और सो गया होगा, लेकिन सुबह उसकी बेजान देह मिलने की खबर आई। प्रीत सिंह के मुताबिक उनकी किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी, हालांकि उन्होंने गांव के ही तीन युवकों पर शक जताते हुए पुलिस में नामजद शिकायत दर्ज कराई है।

नशे की सनक में हुआ विवाद, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही आसौदा थाना पुलिस की टीम फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। मामले की जानकारी देते हुए आसौदा थाना प्रभारी (SHO) जयभगवान ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बाड़े में करीब 5 से 6 युवक एकत्र होकर शराब पी रहे थे। सभी आपस में परिचित और गांव के ही रहने वाले हैं। शुरुआती पूछताछ के अनुसार कोई पुरानी रंजिश नहीं थी, बल्कि शराब के नशे में किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि आरोपियों ने पास में पड़ी ईंट उठाकर ओमबीर के सिर पर दे मारी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और नामजद आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें– फरीदाबाद में आवारा गाय से टकराकर 15 फीट दूर गिरे स्कूटी सवार कारोबारी, मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed