Bhupinder Hooda: हरियाणा को फुल टाइम CM चाहिए, पार्ट टाइम नहीं” नायब सैनी के पंजाब दौरों पर भड़के भूपेंद्र हुड्डा

हरियाणा को फुल टाइम CM चाहिए, पार्ट टाइम नहीं" नायब सैनी के पंजाब दौरों पर भड़के भूपेंद्र हुड्डा
Bhupinder Hooda: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इन दिनों पड़ोसी राज्य पंजाब के लगातार चक्कर काट रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक और प्रमुख चेहरे के रूप में पंजाब में उनकी बढ़ती सक्रियता ने केवल पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार और सीएम भगवंत मान को ही नहीं, बल्कि हरियाणा की सियासत को भी गर्मा दिया है। अब इस पूरे मामले में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की एंट्री हो गई है। हुड्डा ने सीएम सैनी के दौरों पर अपने खास सियासी अंदाज में चुटकी लेते हुए सीधा हमला बोला है।
“वहां पगड़ी पहनकर जाते हैं, यहां क्यों नहीं?”
पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब हुड्डा से सीएम सैनी के पंजाब दौरों को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, “देखिए, वे पंजाब जा रहे हैं, लेकिन हरियाणा को इस वक्त फुल टाइम मुख्यमंत्री की जरूरत है, पार्ट टाइम मुख्यमंत्री की नहीं। इसी ढुलमुल रवैये के कारण आज हरियाणा विकास के मामले में पिछड़ रहा है।”
जब मीडिया ने हुड्डा को ध्यान दिलाया कि सीएम सैनी वहां पार्टी के एक निष्ठावान कार्यकर्ता के तौर पर चुनाव प्रचार करने जाते हैं, तो हुड्डा ने मुस्कुराते हुए एक और तंज जड़ दिया। उन्होंने कहा, “वे वहां जाते हैं तो सिर पर पगड़ी पहनकर जाते हैं, लेकिन हरियाणा में पगड़ी क्यों नहीं पहनते? मैंने तो विधानसभा के पटल पर भी कहा था कि सुबह उठते ही वे पंजाब की तरफ भाग जाते हैं। हालांकि, निजी तौर पर वे हमारे अच्छे मित्र हैं।”
जर्जर स्कूलों और खाली पड़े पदों पर सरकार को घेरा
बारिश के मौसम में प्रदेश के जर्जर स्कूली भवनों और चरमराती शिक्षा व्यवस्था पर सवाल पूछे जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री सरकार पर बेहद आक्रामक नजर आए। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने हरियाणा में शिक्षा का बेड़ा गर्क कर दिया है। यूजीसी (UGC) के मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट का हवाला देते हुए हुड्डा ने कहा कि देश भर में 94 हजार से ज्यादा स्कूल बंद हो चुके हैं। आज हरियाणा के हालात बेहद चिंताजनक हैं— “स्कूल जाइए तो मास्टर गायब हैं, अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर नहीं मिलते, सरकारी दफ्तरों में कर्मचारी नहीं हैं, थानों में सिपाही कम पड़ रहे हैं और अगर कोई अपनी फरियाद लेकर चंडीगढ़ सेक्रेट्रिएट पहुंचे, तो वहां सीएम साहब ही गायब मिलते हैं… वे तो पंजाब में जाकर मिलते हैं।”
यह भी पढ़ें– Gurugram News: गुरुग्राम की जलमग्न सड़क पर उतरे CARS24 की नाव, पुलिस ने सीज कर ठोका ₹50,000 का चालान
