Hisar News: हिसार जीवन हत्याकांड में बड़ा फैसला, 14 अगस्त को हरियाणा के टोल होंगे फ्री, 15 को सीएम का विरोध

हिसार जीवन हत्याकांड में बड़ा फैसला, 14 अगस्त को हरियाणा के टोल होंगे फ्री, 15 को सीएम का विरोध
Hisar News: हिसार के सूर्यनगर में डेयरी संचालक जीवन की बर्बरता से की गई हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर बुधवार को स्थानीय लघु सचिवालय परिसर रणक्षेत्र जैसा नजर आया। प्रदेशभर से पहुंची खाप पंचायतों, किसान संगठनों और सर्वसमाज के प्रतिनिधियों की चार घंटे तक चली मैराथन महापंचायत में प्रशासन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया गया है। महापंचायत ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 13 अगस्त तक मुख्य कातिल सलाखों के पीछे नहीं पहुंचे, तो 14 अगस्त को पूरे हरियाणा के टोल नाके ठप कर दिए जाएंगे और 15 अगस्त को हांसी में मुख्यमंत्री नायब सैनी के मुख्य समारोह का कड़ा विरोध किया जाएगा।
धरना स्थल पर पहुंचे कुंडू खाप के प्रधान व पूर्व विधायक बलराज कुंडू और उकलाना से विधायक नरेश सेलवाल ने सरकार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल दागे। नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है और जानबूझकर इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक व जातीय रंग देने की कोशिश की जा रही है। किसान नेता राकेश टिकैत ने भी मंच से हुंकार भरते हुए कहा कि हरियाणा सरकार को अपराधियों के खिलाफ यूपी के ‘योगी मॉडल’ जैसी बुलडोजर और सख्त पुलिसिया कार्रवाई पर अमल करना चाहिए।
50 हजार का इनामी मुख्य आरोपी, पोस्टर जारी कर जारी हुआ लुकआउट सर्कुलर
इधर, आंदोलन के प्रचंड रूप को देखते हुए हिसार पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह हरकत में आ गया है। मामले में मुख्य आरोपी रमेश शर्मा पर ₹50,000 का नकद इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पोस्टर हरियाणा के अलावा पड़ोसी राज्यों पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में चस्पा करवा दिए हैं। आरोपियों के देश छोड़कर भागने की आशंका को देखते हुए सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों और बंदरगाहों पर लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी कर दिया गया है।
हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि मुख्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए 10 विशेष टीमें गठित की गई हैं जो अलग-अलग राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं। अब तक पुलिस इस मामले में 3 सह-आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा, पीड़ित परिवार को सुरक्षा के दृष्टिकोण से गनमैन मुहैया कराए गए हैं और उनके घर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। सरकारी स्तर पर पीड़ित परिवार के पुनर्वास और एक सदस्य को नौकरी देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
गोबर डालने का मामूली विवाद बना काल, तड़पते जीवन का वीडियो हुआ था वायरल
यह पूरा खूनी खेल 4 अगस्त की सुबह करीब 5:30 बजे शुरू हुआ था। सूर्यनगर की गली नंबर-5 में डेयरी चलाने वाला जीवन अपनी बाइक-ट्रॉली में गोबर लादकर रेलवे लाइन के पास डालने जा रहा था। तभी पहले से घात लगाए बैठे पड़ोसी रमेश और उसके 12 से 15 लाठी-डंडों से लैस साथियों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने जीवन को तब तक बेदर्दी से पीटा जब तक कि उसकी टांगें नहीं टूट गईं और वह बेसुध होकर गिर नहीं पड़ा। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मौत से ठीक पहले जीवन का एक बेहद पीड़ादायक 1 मिनट 12 सेकेंड का वीडियो भी वायरल हुआ था। इसमें उसके पैरों पर गहरे घाव के निशान थे और उसने तड़पते हुए रमेश व उसके साथियों के नाम लिए थे। दरअसल, दोनों पक्षों के बीच गोबर फेंकने और डेयरी में हौद (खोर) निर्माण को लेकर डेढ़ महीने से रंजिश चल रही थी। पूर्व में हुई मारपीट के दौरान आरोपियों ने जीवन की पत्नी पर भी बर्छी से हमला किया था, जिसकी शिकायत दर्ज होने के बावजूद समय रहते कड़ी कार्रवाई न होना आखिरकार इस जघन्य हत्याकांड का सबब बन गया।
यह भी पढ़ें– Haryana News: 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को नहीं मिलेगा ईंधन, सीएम नायब सैनी ने दी मंजूरी
