Unique Matrimonial Story: 53 प्रोफाइल्स और 1 साल का इंतजार! पुणे के विकास को एक्सेल शीट से मिली दुल्हन

53 प्रोफाइल्स और 1 साल का इंतजार! पुणे के विकास को एक्सेल शीट से मिली दुल्हन
Unique Matrimonial Story: अरेंज्ड मैरिज के बाजार में जब रिश्तों की भरमार और असमंजस बढ़ता है, तो सही जीवनसाथी का चुनाव करना किसी चुनौती से कम नहीं होता। पुणे के रहने वाले 29 साल के विकास लोहटिया ने इस उलझन से निपटने के लिए एक कॉर्पोरेट तरीका निकाला।
मेटल कंपनी में प्रोक्योरमेंट मैनेजर और कंटेंट क्रिएटर विकास ने बाकायदा एक ‘मैरिज ट्रैकर एक्सेल शीट’ तैयार की, जिसमें हर रिश्ते की प्रगति, स्थिति और बातचीत का ब्योरा दर्ज होता था। इंटरनेट पर जब यह आईडिया वायरल हुआ तो लोगों ने इसे काफी पसंद किया, लेकिन अब इस अनोखी पहल का सुखद परिणाम सामने आ गया है।
53 प्रोफाइल्स की छानबीन और 12 महीने का इंतजार
विकास बताते हैं कि उन्होंने अक्टूबर 2025 में इस स्प्रेडशीट को गंभीरता से अपडेट करना शुरू किया था। लगभग 1 साल की खोज और 53 अलग-अलग प्रोफाइल्स पर विचार-विमर्श करने के बाद जीवनसाथी मैट्रिमोनियल साइट पर उनकी बात गुरुग्राम की एक प्रोफेसर से हुई।
दोनों ही मूल रूप से हरियाणा से ताल्लुक रखते हैं, जिसके चलते उनकी सांस्कृतिक समझ और रहन-सहन का तरीका तुरंत मेल खा गया। लगभग 9 से 10 महीने की लंबी और व्यावहारिक बातचीत के बाद दोनों ने शादी का फैसला किया। दोनों परिवारों की सहमति से अब जून 2027 में शादी की तारीख तय हुई है।
पहली मुलाकात में सैलरी का टेस्ट और वायरल शीट का सच
अपनी पहली मुलाकात का एक मजेदार किस्सा साझा करते हुए विकास बताते हैं कि अरेंज्ड मैरिज में अक्सर लोग जीवनसाथी से आय को लेकर अवास्तविक उम्मीदें लगा बैठते हैं। इसी को परखने के लिए उन्होंने पहली ही मीटिंग में मंगेतर से अपनी असल सैलरी आधी बताई थी। बाद में जब उन्होंने सच का खुलासा किया, तो दोनों खूब हंसे।
दिलचस्प बात यह भी रही कि उनकी होने वाली पत्नी को उस वायरल एक्सेल शीट के बारे में पहले से ही खबरों के जरिए जानकारी थी। विकास का मानना है कि शादी जैसे संवेदनशील फैसले से पहले वित्तीय स्थिति, करियर और जीवनशैली पर खुलकर बात करना बेहद जरूरी है।
पर्सनल प्रोजेक्ट बना नया बिजनेस और पहचान
जो काम विकास ने केवल अपने माता-पिता को रोजाना अपडेट देने के लिए शुरू किया था, आज वही उनकी पहचान बन चुका है। पिछले एक साल के दौरान उन्होंने अरेंज्ड मैरिज के अनुभवों, बातचीत के तौर-तरीकों और वित्तीय प्लानिंग पर करीब 1200 वीडियो बनाए हैं।
इतना ही नहीं, इस अनोखे मॉडल के दम पर वे अब तक 5000 से ज्यादा युवाओं को सही पार्टनर चुनने की सलाह (कंसल्टेंसी) भी दे चुके हैं। एक छोटी सी स्प्रेडशीट से शुरू हुआ यह प्रयोग न केवल विकास को उनकी जीवनसंगिनी तक ले आया, बल्कि उनके लिए करियर का एक नया रास्ता भी खोल गया।
यह भी पढ़ें– Haryana Railway: हरियाणा में रोहतक, भिवानी, नारनौल से होकर जाने वाली ट्रेनें रद्द, यात्रा से पहले देखें पूरी लिस्ट
