August 14, 2026

15 अगस्त को भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह करेंगे ध्वजारोहण

0
Narnaul 1

Narnaul News आगामी 15 अगस्त को स्थानीय आईटीआई मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस जिला स्तरीय समारोह में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। इस राष्ट्रीय पर्व को हर्षोल्लास और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए वीरवार को आईटीआई मैदान में अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। इस दौरान उपायुक्त अनुपमा अंजली ने ध्वजारोहण किया तथा परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर एवं डीएसपी डॉ. कविता ने किया। ध्वजारोहण के बाद विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक पीटी प्रदर्शन, डम्बल तथा लेजियम का शानदार प्रदर्शन किया।
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने आयोजन स्थल पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारा राष्ट्रीय पर्व है और इसका आयोजन पूर्ण गरिमा व अनुशासन के साथ होना चाहिए। उन्होंने सांस्कृतिक टीमों के प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे स्वतंत्रता दिवस तक अपना अभ्यास निरंतर जारी रखें ताकि मुख्य कार्यक्रम में प्रस्तुतियां उत्कृष्ट रहें।
इस अवसर पर नगराधीश डॉ मंगल सेन तथा जिला शिक्षा अधिकारी डॉ विश्वेश्वर कौशिक के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
उपमंडल स्तर पर ये रहेंगे मुख्य अतिथि

हरियाणा सरकार द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार जिले के अन्य उपमंडलों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाए जाएंगे। उपमंडल महेंद्रगढ़ में नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव, कनीना में महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह तथा नांगल चौधरी में रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव मुख्य अतिथि के तौर पर ध्वजारोहण करेंगे।
ये रहेगा कार्यक्रम का शेड्यूल

प्रात: 08:58 बजे मुख्य अतिथि का आगमन होगा, जिसके तुरंत बाद प्रात: 09:00 से 09:02 बजे तक राष्ट्रीय ध्वजारोहण तथा राष्ट्रीय धुन बजाई जाएगी। इसके पश्चात प्रात: 09:02 से 09:15 बजे तक परेड निरीक्षण किया जाएगा और फिर प्रात: 09:15 से 09:30 बजे तक मुख्य अतिथि द्वारा सम्बोधन दिया जाएगा। प्रात: 09:30 से 09:40 बजे तक मार्च पास्ट का आयोजन होगा, जिसके बाद प्रात: 09:40 से 09:50 बजे तक सामूहिक पी.टी. प्रदर्शन किया जाएगा। इसके उपरांत प्रात: 09:50 से 10:40 बजे तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। अंत में प्रात: 10:40 से 10:50 बजे तक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा और प्रात: 10:50 बजे राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। सभी दर्शक एवं अतिथि कृपया प्रात: 8.30 बजे तक अपना स्थान अवश्य ग्रहण कर लें।

ये स्कूली लेंगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा

15 अगस्त के शुभावसर पर विभिन्न विद्यालयों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारनौल की टीम हरियाणवी नृत्य दुनिया में सबसे प्यारा हमारा हरियाणा पर प्रस्तुति देगी। गुरु द्रोणाचार्य व.मा.वि. ढाणी किरारोद के छात्र देशभक्ति गीत शहीद भगत सिंह पेश करेंगे। एस.डी. स्कूल ककरराला द्वारा हरियाणवी प्रस्तुति सोने बरगी फसल उगा दे, यो किसान हरियाणे का दी जाएगी। आर.एन.आर सलीमपुर की ओर से देशभक्ति गीत ऑपरेशन सिन्दूर प्रस्तुत किया जाएगा। वेदांता इंटरनेशनल स्कूल गुलावता के विद्यार्थी हरियाणवी लोकनृत्य दुनिया के में भारत, भारत में हरियाणा पर थिरकेंगे। पी.एम.श्री रा.क.व.मा.वि. नारनौल द्वारा हरियाणवी लोकनृत्य पर्यावरण बचाया करो, अशेष ना जलाया करो प्रस्तुत किया जाएगा। एएसडी व.मा.वि. नारनौल की टीम हरियाणवी गीत धूम हरियाणे की पेश करेगी। सूरज स्कूल नारनौल के छात्र देशभक्ति गीत साडी जान तिरंगा पर अपनी प्रस्तुति देंगे। एम.आर. मित्रपुरा द्वारा हरियाणवी गीत आया-आया तीजां का त्यौहार प्रस्तुत किया जाएगा। आर.पी.एस. सुराणा के विद्यार्थी कव्वाली ऐ वतन ऐ वतन की शानदार प्रस्तुति देंगे तथा सी.एल.पब्लिक स्कूल नारनौल की टीम द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *