Bhiwani News: भिवानी नगर परिषद में भारी बवाल, वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि और क्लर्क में चले लात-घूंसे, अस्पताल पहुंचा मामला

भिवानी नगर परिषद में भारी बवाल, वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि और क्लर्क में चले लात-घूंसे, अस्पताल पहुंचा मामला
Bhiwani News: भिवानी नगर परिषद का दफ्तर शुक्रवार को उस समय जंग का मैदान बन गया जब वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि और एक क्लर्क के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। सरेआम दफ्तर परिसर में चले लात-घूंसों से वहां मौजूद कर्मचारियों और काम कराने आए आम लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
‘मकान की फाइल पास करने के मांगे ₹30 हजार’ – वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि
मामले की जड़ नामांतरण (प्रॉपर्टी ट्रांसफर) की एक फाइल बताई जा रही है। वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि संदीप तंवर उर्फ बंटी का आरोप है कि पीड़ित आकाश नाम का युवक अपनी फाइल पास कराने के लिए करीब 25-30 बार नगर परिषद के चक्कर काट चुका था। आरोप के मुताबिक, क्लर्क अंकित ने पहले ₹35 हजार की मांग की थी, लेकिन बाद में सौदा ₹30 हजार में तय हुआ और पैसे ले लिए गए। शुक्रवार को जब आकाश फिर दफ्तर पहुंचा तो संदीप तंवर ने क्लर्क को बुलाकर रिश्वत के पैसे वापस करने को कहा। इसी बात पर बहस छिड़ गई और मामला मारपीट तक जा पहुंचा।
घायल क्लर्क सिविल अस्पताल में भर्ती, पार्षद ने भी लगाए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
हाथापाई के बाद घायल क्लर्क अंकित को उपचार के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी एमएलआर (मेडिकल लीगल रिपोर्ट) काटकर पुलिस को सूचना दे दी है। दूसरी तरफ, पार्षदों का गुस्सा भी क्लर्क के खिलाफ देखने को मिला। वार्ड नंबर 29 के पार्षद सुदामा सिंह ने आरोप लगाया कि उक्त क्लर्क आम जनता के साथ बेहद अभद्र व्यवहार करता है और एक छोटे से फाइन का रसीद काटने तक के लिए ₹200 की रिश्वत मांगता है।
थाने पहुंचे पार्षद, चेयरपर्सन प्रतिनिधि बोले- परिवार का मामला, सुलझा लेंगे
घटना के बाद वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि और कई अन्य पार्षद सिटी पुलिस थाने पहुंचे और आरोपी क्लर्क के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। पार्षदों का कहना है कि जब तक भ्रष्ट कर्मचारियों पर लगाम नहीं लगेगी, तब तक जनता को राहत नहीं मिलेगी।
वहीं, इस पूरे विवाद पर नगर परिषद के चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप ने बीच का रास्ता अपनाने का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के सभी सदस्य और कर्मचारी एक परिवार की तरह हैं। दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत की जाएगी और मामले का जल्द से जल्द निपटारा कर जनता के काम सुचारू रखे जाएंगे।
यह भी पढ़ें– Haryana Ration Card: हरियाणा में 2 लाख राशन कार्ड ब्लॉक! अगर डिपो से नहीं उठाया राशन तो तुरंत करा लें ये काम
