August 19, 2026

Kurukshetra Encounter: कुरुक्षेत्र में 3.15 करोड़ की डकैती के आरोपियों और पुलिस में मुठभेड़, दोनों बदमाशों की टांगों में लगी गोली

0
Kurukshetra Encounter: कुरुक्षेत्र में 3.15 करोड़ की डकैती के आरोपियों और पुलिस में मुठभेड़, दोनों बदमाशों की टांगों में लगी गोली

कुरुक्षेत्र में 3.15 करोड़ की डकैती के आरोपियों और पुलिस में मुठभेड़

Kurukshetra Encounter: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के पॉश इलाके सेक्टर-7 में वकील बलवंत सिंह वालिया के घर पड़ी 3.15 करोड़ की सनसनीखेज डकैती मामले में मंगलवार रात उस वक्त नया मोड़ आ गया, जब पुलिस और आरोपियों का आमना-सामना हो गया। सीआईए-1 (CIA-1) की टीम और लूट के मुख्य आरोपियों के बीच उमरी चौक के पास जबरदस्त मुठभेड़ हुई। दोनों तरफ से ताबड़तोड़ 6 से 7 राउंड गोलियां चलीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों की टांगों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दोबारा काबू कर लिया गया।

झाड़ियों में छिपाकर रखा था असलहा, पिस्टल उठाते ही पुलिस पर कर दी फायरिंग

मामले का ब्योरा देते हुए सीआईए-1 के प्रभारी निरीक्षक प्रतीक ने बताया कि कस्टडी के दौरान पूछताछ में दोनों मुख्य आरोपियों—कमल और साहिल ने अपना गुनाह कबूल कर लिया था। पुलिस टीम उनसे लूट का काफी माल पहले ही बरामद कर चुकी थी, लेकिन वारदात में इस्तेमाल हथियार और उनके कपड़े बरामद होने बाकी थे। मंगलवार शाम को कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कुबूला कि उन्होंने वारदात में इस्तेमाल देसी पिस्तौल उमरी चौक स्थित एनएच-44 के पास ‘फ्लावर सिटी’ के बगल वाले खाली प्लॉट की झाड़ियों में छिपा रखी है।

आरोपियों के बयान के आधार पर सीआईए-1 की टीम रात करीब 8 बजे उन्हें निशानदेही के लिए उमरी चौक लेकर पहुंची। खाली प्लॉट में जैसे ही दोनों आरोपियों को झाड़ियों के पास ले जाया गया, उन्होंने वहां छिपाई पिस्तौल उठाकर अचानक पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया और भागने की कोशिश की। अचानक हुए हमले के बावजूद मुस्तैद पुलिस टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जो सीधे दोनों बदमाशों की टांगों में जा लगीं और वे वहीं ढेर हो गए।

अस्पताल में भर्ती कराए गए आरोपी, जांच जारी

मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम ने लहूलुहान पड़े दोनों बदमाशों को तुरंत हिरासत में लिया और इलाज के लिए कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। मौके से पुलिस ने एक बिना लाइसेंस का देसी पिस्तौल भी जब्त किया है।

शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले सेक्टर-7 में वकील के घर हुई करोड़ों की इस डकैती ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। हालांकि पुलिस की इस मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के स्वस्थ होते ही उनसे गहन पूछताछ की जाएगी ताकि इस पूरे सिंडिकेट में शामिल अन्य चेहरों और बची हुई रिकवरी का भी खुलासा हो सके।

यह भी पढ़ें– कलेसर के जंगलों में वन विभाग की सर्जिकल स्ट्राइक, खैर तस्करी का बड़ा सिंडिकेट बेनकाब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed