August 25, 2026

Punjab Weather Update: पंजाब में कमजोर पड़ा मानसून, आज 9 जिलों में बारिश की संभावना, तापमान 0.9 डिग्री बढ़ा

0
Punjab Weather Update: पंजाब में कमजोर पड़ा मानसून, आज 9 जिलों में बारिश की संभावना, तापमान 0.9 डिग्री बढ़ा

पंजाब में कमजोर पड़ा मानसून

Punjab Weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर पड़ गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक, राज्य के तापमान में एक दिन में 0.9 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को पंजाब के 9 जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। राज्य में अब तक सामान्य के मुकाबले 239.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य बारिश से 29 प्रतिशत कम है। सोमवार को बारिश नहीं होने से कई इलाकों में गर्मी और उमस बढ़ गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

इन 9 जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन जिलों में बारिश होने से उमस और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि, बारिश पूरे जिले में एक जैसी नहीं होगी और कुछ स्थानों पर ही बारिश होने की संभावना जताई गई है।

 

अमृतसर से गुजर रही मानसून ट्रफ

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, मानसून ट्रफ इस समय अमृतसर से होकर गुजर रही है। इसके कारण पंजाब में बारिश के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में पंजाब के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। उत्तर हरियाणा और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती सिस्टम भी बना हुआ है, जिससे बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है।

 

27 अगस्त तक ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 27 अगस्त तक पंजाब के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में हल्की बारिश और बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है। रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। उत्तरी और उत्तर-पूर्वी पंजाब में यह 34 से 36 डिग्री, जबकि दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में 36 से 40 डिग्री के बीच रह सकता है।

 

रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर

न्यूनतम तापमान की बात करें तो उत्तरी और उत्तर-पूर्वी पंजाब में यह 22 से 24 डिग्री, मध्य पंजाब में 24 से 26 डिग्री और दक्षिणी हिस्सों में 26 से 28 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रह सकता है। ऐसे में बारिश के बावजूद कई इलाकों में उमस बनी रह सकती है। फिलहाल पंजाब में सबसे अधिक 37 डिग्री तापमान फिरोजपुर में दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed