Haryana Weather update: हरियाणा में थमने लगा मानसून, जानिए आज किन जिलों में होगी बारिश

हरियाणा में थमने लगा मानसून, जानिए आज किन जिलों में होगी बारिश
Haryana Weather update: में मानसूनी हवाओं की पकड़ अब ढीली पड़ने लगी है। रेवाड़ी और आसपास के इलाकों में हुई छिटपुट बूंदों को छोड़ दें तो सूबे के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ रहने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आज पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जैसे उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा बाकी प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क ही बना रहेगा।
इन जिलों में धूप छांव का खेल, बारिश के आसार कम
रोहतक, हिसार, जींद, सिरसा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और महेंद्रगढ़ समेत मध्य और दक्षिणी हरियाणा के जिलों में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश भर में मानसूनी बारिश का कोई बड़ा स्पेल देखने को नहीं मिलेगा। उमस और धूप का असर एक बार फिर लोगों को परेशान कर सकता है।
अगस्त ने संभाली कमान, लेकिन ओवरऑल आंकड़ा अब भी कम
आंकड़ों पर नजर डालें तो 1 जून से 26 अगस्त के दौरान हरियाणा में कुल 257.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य औसत (299.9 मिमी) से 14 फीसदी कम है। राहत की बात यह रही कि अकेले अगस्त महीने में बादलों ने मेहरबानी दिखाई। इस महीने अब तक 109.9 मिमी पानी बरस चुका है, जो सामान्य औसत (96.1 मिमी) से 14 प्रतिशत अधिक है। यानी अगस्त की बारिश ने सीजन के शुरुआती सूखे की भरपाई करने में काफी मदद की है।
मौसम विशेषज्ञों की राय: क्यों रुकी बारिश?
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक मानसूनी गतिविधियां सुस्त ही बनी रहेंगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून ट्रफ अब उत्तर की तरफ खिसककर हिमालय की तलहटी की ओर बढ़ रही है। हालांकि उत्तरी हरियाणा के ऊपर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन बना हुआ है, लेकिन मानसूनी हवाओं की ताकत कम होने की वजह से झमाझम बारिश की उम्मीद हाल-फिलहाल नहीं है।
कहीं सूखा तो कहीं झमाझम, रेड जोन में 7 जिले
प्रदेश में बारिश का वितरण काफी असमान रहा है। करनाल और अंबाला जिले 51 फीसदी की भारी कमी के साथ सबसे ज्यादा प्रभावित ‘रेड जोन’ में हैं। इसी तरह कैथल (49%), सिरसा (47%), पंचकूला (44%), रोहतक (36%) और जींद में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। इसके उलट भिवानी में मानसून जबरदस्त मेहरबान रहा, जहां सामान्य से 117 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। फतेहाबाद (50%), कुरुक्षेत्र (19%), पलवल (17%), चरखी दादरी (11%) और रेवाड़ी (3%) में भी सामान्य से बेहतर पानी बरसा है।
यह भी पढ़ें– Karnal News: करनाल में पुलिस को चकमा, ब्याना चौकी की दीवार लांघकर भागा भगोड़ा आरोपी रिंकू
