August 27, 2026

Haryana Monsoon Session: मानसून सत्र आज से शुरू, हुड्डा समेत कई विधायकों पर विशेषाधिकार रिपोर्ट पेश

0
Haryana Monsoon Session: मानसून सत्र आज से शुरू, हुड्डा समेत कई विधायकों पर विशेषाधिकार रिपोर्ट पेश

मानसून सत्र आज से शुरू, हुड्डा समेत कई विधायकों पर विशेषाधिकार रिपोर्ट पेश

Haryana Monsoon Session: हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र आज (वीरवार) से शुरू हो चुका है। सत्र का आगाज होते ही सदन का माहौल गर्माने के पूरे आसार बन गए हैं। एक तरफ जहां नायब सैनी सरकार 4 महत्वपूर्ण संशोधन विधेयक पेश करने और आधा दर्जन अध्यादेशों को पटल पर रखने की तैयारी में है, वहीं दूसरी तरफ मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने सूबे में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक मुद्दों को लेकर सरकार को चौतरफा घेरने का मन बना लिया है।

श्रद्धांजलि के बाद कार्यवाहियों का दौर, कानून-व्यवस्था पर गरमाएगा माहौल

सत्र की शुरुआत पूर्व विधायकों—चौधरी सही राम बिश्नोई व राजपाल भूखडी—के साथ देश के शहीदों, रोहतक के डी-पार्क बाजार अग्निकांड के पीड़ितों और कुएं में जहरीली गैस से जान गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि देकर की जाएगी। इसके बाद प्रश्नकाल की कार्यवाही होगी। प्रश्नकाल समाप्त होते ही नियम 121 के तहत अंतिम दो घंटों के दौरान सरकारी कामकाज निपटाने का प्रस्ताव आएगा। वहीं, विधायक आदित्य देवीलाल और अर्जुन चौटाला द्वारा राज्य की चरमराती कानून-व्यवस्था पर लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर तीखी बहस होना तय माना जा रहा है।

हुड्डा समेत दिग्गज कांग्रेस विधायकों पर विशेषाधिकार हनन की गाज!

सत्र के पहले दिन की सबसे बड़ी सियासी हलचल विशेषाधिकार समिति की रिपोर्ट को लेकर रहने वाली है। विधायक योगिन्द्र सिंह राणा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, अशोक कुमार अरोड़ा, बलराम दांगी, शकुंतला खटक, रघुवीर सिंह कादियान, बलवान सिंह दौलतपुरिया और मामन खान के खिलाफ दी गई विशेषाधिकार हनन की शिकायत पर समिति अपनी पहली प्रारंभिक रिपोर्ट सदन में रखेगी।

इसके अलावा, विधायक अर्जुन सिंह चौटाला द्वारा इन्द्राज सिंह नरवाल के खिलाफ और शक्ति रानी शर्मा द्वारा लाए गए प्रस्तावों की रिपोर्ट ‘नेवा’ (NEVA) पोर्टल के माध्यम से पटल पर रखी जाएगी। विधायक प्रमोद कुमार विज द्वारा एक मीडिया चैनल के खिलाफ दी गई विशेषाधिकार हनन की सूचना पर भी आज ही रिपोर्ट पेश होगी।

सदन में आएंगे 4 नए विधेयक और 6 अध्यादेश

विधायी कार्यों की बात करें तो सरकार इस सत्र में चार नए विधेयक पेश करने जा रही है:

हरियाणा न्यायालय (संशोधन) विधेयक, 2026

हरियाणा नगरपालिका (संशोधन) विधेयक, 2026

हरियाणा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2026

हरियाणा बाबा श्री खाटू श्याम चुलकाना धाम पूजास्थल विधेयक, 2026

साथ ही, नगर निगम, ग्राम शामलात भूमि (विनियमन), राज्य महिला आयोग, विधि अधिकारी (विनियोजन), आबकारी और जीएसटी से जुड़े आधा दर्जन अध्यादेशों व विभिन्न वार्षिक रिपोर्टों को भी सदन के पटल पर रखा जाएगा।

बैंक घोटालों और कौशल रोजगार पर सरकार से जवाब मांगेगा विपक्ष

दूसरी ओर, विपक्ष ने भी सरकार को बैकफुट पर धकेलने के लिए रणनीतिक तैयारी कर ली है। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में तय रणनीति के तहत आईडीएफसी बैंक, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और पंचकूला म्युनिसिपल कमेटी में हुए वित्तीय घोटालों पर काम रोको प्रस्ताव लाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत युवाओं से जुड़े मुद्दों और प्रदेश में बढ़ते संगठित अपराध को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए सरकार को घेरा जाएगा।

यह भी पढ़ें– Haryana Weather update: हरियाणा में थमने लगा मानसून, जानिए आज किन जिलों में होगी बारिश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed