August 27, 2026

तहसील व ब्लॉक कार्यालय को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता बदहाल, अधिकारियों की आवाजाही के बावजूद नहीं हो रहा समाधान

0
oplus_8388610

oplus_8388610

Narnaul/Ateli News:

स्थानीय तहसील और ब्लॉक परिसर को जाने वाला मुख्य रास्ता इन दिनों बदहाली के आंसुओं रो रहा है। रेल लाइन के साथ बना यह मार्ग अत्यंत संकरा और टूटा हुआ होने के कारण आम जनता के लिए भारी परेशानी का सबब बन चुका है। हैरानी की बात यह है कि इसी रास्ते से प्रतिदिन तहसीलदार, बीडीपीओ और अन्य प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी गुजरते हैं, इसके बावजूद इस मार्ग की साफ-सफाई और नवीनीकरण की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
52 गांवों के लोगों की आवाजाही प्रभावित
अटेली तहसील और ब्लॉक कार्यालय में आसपास के करीब 52 गांवों के लोग रोजाना अपने विभिन्न कार्यों के लिए आते हैं। लेकिन मुख्य रास्ता जर्जर होने के कारण उन्हें हर कदम पर मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। सड़क टूटी होने और आसपास अनावश्यक झाड़-झंखाड़ उग आने से यह रास्ता बेहद संकरा हो चुका है, जिससे वाहन चालकों, दोपहिया वाहन सवारों और पैदल राहगीरों का निकलना दूभर हो गया है।
बरसात और अंधेरे में बढ़ता है खतरा
स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के दिनों में इस रास्ते से पैदल निकलना तो दूर, वाहनों का निकलना भी असंभव हो जाता है। सड़क किनारे उगी बड़ी-बड़ी झाड़ियों के कारण यह मार्ग और भी संकरा हो गया है। स्थिति यह है कि शाम ढलते ही पैदल राहगीरों का इस रास्ते से गुजरना पूरी तरह बंद हो जाता है, क्योंकि झाड़ियों और झाड़-झंखाड़ की वजह से जहरीले जीव-जंतुओं का हमेशा खतरा बना रहता है।
जनता की मांग— जल्द हो सड़क का चौड़ीकरण और नवीनीकरण
परेशान आम जनता और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस रास्ते की सुध ली जाए। लोगों का कहना है कि आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि धरातल पर ठोस कार्रवाई होनी चाहिए। इस रास्ते का जल्द से जल्द चौड़ीकरण और पक्का नवीनीकरण करवाया जाए, ताकि 52 गांवों से आने वाले आम लोग, महिलाएं और बुजुर्ग सुरक्षित और सुगमता से अपने काम के लिए आ-जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *