कांटी गांव में फायरिंग के आरोपी को किया गिरफ्तार

Narnaul Crime News:
सीआईए नारनौल की टीम ने अटेली क्षेत्र में फायरिंग के मामले में आरोपी पंकज निवासी रामपुरा, अटेली को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास करते हुए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी पंकज को गांव रामपुरा कि पहाड़ियों से गिरफ्तार किया गया। पुलिस से बचने के प्रयास में भागते समय गिरने के कारण आरोपी के दाहिने पैर में चोट लगी, जिसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल अटेली ले जाया गया।
डीएसपी डॉ. कविता ने बताया कि दिनांक 30 अगस्त को शाम करीब साढ़े पांच बजे देवकरण निवासी कांटी, अटेली अपनी बोलेरो गाड़ी से गांव के बस स्टैंड स्थित एक खोखे पर पहुंचा था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे, जिनमें पंकज, भोलू तथा एक अन्य अज्ञात युवक शामिल था। शिकायत के अनुसार पंकज ने देवकरण को धमकी देते हुए उसकी बोलेरो गाड़ी पर फायर कर दिया। गोली चालक की तरफ के शीशे के पास लगी। देवकरण ने जंगल की ओर भागकर अपनी जान बचाई।
इसके बाद आरोपी रामपुरा रोड की ओर गए और दुकान के बाहर बैठे गांव कांटी निवासी रोहित पर भी फायरिंग की। रोहित ने नीचे झुककर मौके से भागकर अपनी जान बचाई, जबकि गोली दुकान की दीवार में जा लगी। आरोपियों ने जाते समय अगली बार जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। सीन ऑफ क्राइम टीम द्वारा घटनास्थल से एक खाली खोल सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत अटेली थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी को आज न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया जाएगा। रिमांड के दौरान मामले में शामिल उसके अन्य साथियों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ-साथ वारदात में प्रयुक्त अवैध हथियार की बरामदगी तथा घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की गहनता से जांच की जाएगी। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
