September 9, 2026

नगर निगम चुनाव से पहले आप को एक और झटका, रामचंद्र यादव कांग्रेस में शामिल

0
नगर निगम चुनाव से पहले आप को एक और झटका, रामचंद्र यादव कांग्रेस में शामिल

नगर निगम चुनाव से पहले आप को एक और झटका

Municipal Corporation Elections: नगर निगम की राजनीति में आम आदमी पार्टी (आप) को मंगलवार को एक और बड़ा झटका लगा। नगर निगम चुनाव से करीब तीन माह पहले पार्टी से निष्कासित पार्षद रामचंद्र यादव ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया। इससे पहले आप पार्षद मुनव्वर भी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। यादव के कांग्रेस में जाने के बाद निगम सदन में आप की संख्या घटकर सात रह गई, जबकि कांग्रेस के पार्षदों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। भाजपा 18 पार्षदों के साथ सदन में सबसे बड़ी पार्टी बनी हुई है।

2021 के नगर निगम चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी आप अब सदन में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। लगातार दो पार्षदों के कांग्रेस में जाने से पार्टी की संख्या कम हुई है, जबकि कांग्रेस की ताकत बढ़ी है। ऐसे में आगामी नगर निगम चुनाव से पहले यह घटनाक्रम कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सेक्टर-35 स्थित राजीव गांधी भवन में आयोजित कार्यक्रम में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की की मौजूदगी में रामचंद्र यादव और पंजाबी फिल्मों की अभिनेत्री अदिति आर्या कांग्रेस में शामिल हुईं। इस दौरान कांग्रेस के पार्षदों के अलावा वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रामचंद्र यादव सैकड़ों समर्थकों के साथ ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के बीच कांग्रेस भवन पहुंचे। पूर्वांचल समाज में मजबूत पकड़ रखने वाले यादव के साथ बड़ी संख्या में समाज के लोगों के कांग्रेस में शामिल होने का दावा किया गया। यादव आप के युवा संगठन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके कांग्रेस में आने को पार्टी के लिए खासकर पूर्वांचल समाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, पंजाबी फिल्मों में मुख्य भूमिकाएं निभा चुकीं अदिति आर्या के कांग्रेस में शामिल होने को पार्टी के लिए युवा वर्ग के बीच समर्थन बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस में शामिल होने के बाद आर्या ने कहा कि वह चंडीगढ़ की बेटी हैं और शहर से उनका गहरा जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि उन्होंने चंडीगढ़ का वह दौर देखा है, जब यह देश के सबसे खूबसूरत और व्यवस्थित शहरों में गिना जाता था। उन्होंने शहर की पुरानी पहचान को मजबूत करने के लिए काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

मीडिया से बातचीत में एच.एस. लक्की ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों के मुद्दों, पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगाई और आम जनता से जुड़े सवालों को लगातार मजबूती से उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इससे विभिन्न वर्गों में कांग्रेस के प्रति भरोसा बढ़ रहा है। लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ कांग्रेस भी लंबे समय से पानी, महंगाई, नगर निगम की वित्तीय स्थिति, संपत्ति कर, कलेक्टर रेट, शहर के विकास की धीमी गति और निगम के कामकाज में पारदर्शिता जैसे मुद्दे उठाती रही है। उन्होंने कहा कि रामचंद्र यादव और अदिति आर्या का कांग्रेस में शामिल होना संकेत है कि शहर के विभिन्न वर्ग कांग्रेस को मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में देख रहे हैं।

 

 

दलबदल ने तोड़ी AAP की ताकत, 14 से घटकर 7 रह गए पार्षद

वर्ष 2021 के नगर निगम चुनाव में पहली बार मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी ने 14 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था। पार्टी ने भाजपा और कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए सदन में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में अपनी जगह बनाई थी। हालांकि, चुनाव के बाद शुरू हुए दलबदल के दौर में पार्टी का संख्या बल लगातार घटता गया। एक समय 14 पार्षदों वाली आप की संख्या घटकर आठ रह गई थी। अब रामचंद्र यादव के निष्कासन और कांग्रेस में शामिल होने के बाद सदन में पार्टी के पार्षदों की संख्या केवल सात रह गई है। दूसरी ओर, भाजपा ने भी समय-समय पर विपक्षी दलों के पार्षदों को अपने पाले में शामिल कर सदन में अपनी स्थिति मजबूत की है। ऐसे में 2021 में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी आप अब नगर निगम सदन में तीसरे स्थान पर पहुंच चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed