Kaithal News: “एक खाकर दिखा दो तो मान जाऊं”, ऑनलाइन मंगाए गुलाब जामुन निकले बदबूदार, कैथल में ब्लिंकइट का वीडियो वायरल

"एक खाकर दिखा दो तो मान जाऊं", ऑनलाइन मंगाए गुलाब जामुन निकले बदबूदार
Kaithal News: कैथल शहर में तेजी से लोकप्रिय हो रही 10-मिनट डिलीवरी सर्विस और ऑनलाइन फूड ऐप्स की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुरानी सब्जी मंडी के समीप ‘विशल बूट हाउस’ चलाने वाले स्थानीय दुकानदार विशाल कुमार ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ‘ब्लिंकइट’ के जरिए खाने के लिए गुलाब जामुन का डिब्बा ऑर्डर किया था।
लेकिन जैसे ही पैकेट खोला गया, उसमें से तेज बदबू आने लगी। विशाल का आरोप है कि उनकी मां ने जब अनजाने में एक गुलाब जामुन खाया तो उन्हें तुरंत उल्टी आ गई और स्वास्थ्य बिगड़ने लगा। जब इस बासी और घटिया सामान की शिकायत लेकर वे ब्लिंकइट के स्थानीय स्टोर पर पहुंचे, तो वहां का नजारा और भी हैरान करने वाला था।
“खुद खाकर देख लो…” — जब ग्राहक की चुनौती पर मुकरा मैनेजर
विशाल कुमार ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर साझा किया है, जो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित के मुताबिक, जब वे खराब गुलाब जामुन लेकर ब्लिंकइट के शोरूम/स्टोर पर गए और रिप्लेसमेंट की मांग की, तो वहां मौजूद मैनेजर ने साफ तौर पर इंकार कर दिया।
विशाल ने मैनेजर के अड़ियल रवैये को देखते हुए उसे चुनौती दी कि यदि वह डिब्बे में से एक गुलाब जामुन खुद खाकर दिखा दे, तो वे न तो रिफंड मांगेंगे और न ही कोई शिकायत करेंगे। आरोप है कि मैनेजर ने मिठाई खाने से साफ मना कर दिया और दबंगई दिखाते हुए कहा, “जो बनता है कर लो, हम तो ऐसे ही काम करेंगे।”
खाद्य सुरक्षा विभाग (FSSAI) में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी
इस पूरी घटना से व्यथित और आक्रोशित व्यापारी विशाल कुमार ने ऐलान किया है कि वे इस मामले को यहीं शांत नहीं होने देंगे। वे इस घटिया खाद्य सामग्री और कंपनी की तानाशाही के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) और कंज्यूमर कोर्ट (उपभोक्ता अदालत) का दरवाजा खटखटाएंगे।
विशाल का कहना है कि आज के दौर में हजारों लोग विश्वास करके इन ऑनलाइन ऐप्स से खाने-पीने की चीजें मंगाते हैं। अगर इस तरह बासी और जहरीला खाना परोसा जाएगा और शिकायत करने पर कंपनियां ऐसा व्यवहार करेंगी, तो आम जनता का ऑनलाइन सेवाओं से भरोसा पूरी तरह उठ जाएगा।
यह भी पढ़ें– यमुनानगर में पुलिस का बड़ा एक्शन, देवधर गांव में नारकोटिक डॉग के साथ नशा तस्करों के ठिकानों पर रेड
