पुलिस ने ‘ट्यूजडे गैंग’ को किया बेनकाब: तीन सदस्य गिरफ्तार, चोरी के बाद बदलते थे बाइक के नंबर
चंडीगढ़ में ‘ट्यूजडे गैंग’ का खुलासा
Chandigarh Tuesday Gang: चंडीगढ़ में चोरी करने वाले गिरोह ने वारदात के लिए मंगलवार का दिन तय कर रखा था। गिरोह के सदस्य पहले इलाके की रेकी करते, फिर बंद मकान या व्यावसायिक प्रतिष्ठान को निशाना बनाते। चोरी के बाद बाइक की नंबर प्लेट बदलते और पंजाब या हरियाणा में बनाए ठिकानों की ओर निकल जाते। पुलिस ने इस ‘ट्यूजडे गैंग’ के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर गिरोह के इस तय पैटर्न का पर्दाफाश किया है। पुलिस स्टेशन नॉर्थ की टीम ने एसडीपीओ सेंट्रल एसपीएस सोंधी और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजीव कुमार की निगरानी में कार्रवाई की।
आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, हाई-स्पीड औद्योगिक कटर और ताले तोड़ने के विशेष औजार बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने चोरी के लिए मंगलवार का दिन बाकायदा तय कर रखा था। आरोपी अलग-अलग इलाकों में पहले रेकी करते थे और लोगों की आवाजाही व दिनचर्या पर नजर रखते थे। मौका मिलते ही बंद मकान या व्यावसायिक प्रतिष्ठान में घुसकर चोरी करते और ज्यादा देर वहां नहीं रुकते थे। वारदात के बाद चोरी का सामान चंडीगढ़ में रखने के बजाय हरियाणा और पंजाब में बनाए गए ठिकानों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस के मुताबिक, इन ठिकानों से चोरी का सामान खपाने की कोशिश की जाती थी।
गिरोह की चालाकी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पुलिस को बरामद मोटरसाइकिल के साथ तीन अलग-अलग नंबर प्लेट मिली हैं। यानी एक ही बाइक को अलग-अलग पहचान देने की तैयारी थी। वारदात के बाद नंबर प्लेट बदलकर आरोपी पुलिस की नजर से बचने और दूसरे राज्य में निकलने की कोशिश करते थे। पुलिस को आरोपियों के पास से हाई-स्पीड औद्योगिक कटर और विशेष चोरी के औजार मिले हैं। इनका इस्तेमाल ताले और अन्य सुरक्षित हिस्सों को तेजी से तोड़ने में किया जाता था। इससे साफ है कि गिरोह वारदात के लिए पूरी तैयारी के साथ निकलता था और चोरी में लगने वाला समय कम रखने की कोशिश करता था।
पुलिस ने गिरोह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस स्टेशन-3 में दर्ज तीन चोरी के मामलों को सुलझाने का दावा किया है। इनमें 2/3 सितंबर और 8/9 सितंबर की रात हुई चोरी की वारदातें शामिल हैं। जांच के दौरान संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है और आगे की जांच के आधार पर कुछ मामलों में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं। मंगलवार आते ही सक्रिय होने वाला यह गिरोह अब पुलिस की गिरफ्त में है। जांच में पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के सामान को खपाने वाले नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
चोरी का सामान देख पुलिस भी रह गई हैरान
पुलिस ने ‘ट्यूजडे गैंग’ के तीन आरोपियों सतपाल सिंह (पलवल), रवि उर्फ पंडित (सूरजपुर, पिंजौर) और 19 वर्षीय निखिल कुमार (रोपड़) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक सतपाल जबरन प्रवेश की रणनीति, रवि चोरी के सामान व औजारों की आवाजाही और निखिल निगरानी व सहायक की भूमिका निभाता था। सतपाल और रवि को तीन दिन के पुलिस रिमांड, जबकि निखिल को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों से टिसॉट, ह्यूगो बॉस, टॉमी हिलफिगर की घड़ियां, दो कैसियो घड़ियां, पुलिस ब्रांडेड व एक क्वार्ट्ज घड़ी बरामद की है। इसके अलावा सोने की चेन, हरे पत्थर वाली सोने की बाली, मोतियों का हार, चांदी की चेन और अन्य आभूषण मिले हैं। चांदी की आठ प्लेटें, तीन गिलास, केतली, कप, चम्मच और ट्रे, पीतल के चार भारी गिलास, चोरी के कपड़े और आयातित ड्राई फ्रूट्स के दो बर्तन भी बरामद हुए हैं।
तीन राज्यों में पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी पुलिस जांच के दायरे में है। आरोपियों के तार दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ से जुड़े पुराने मामलों से सामने आए हैं। सतपाल सिंह के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश में चोरी, हत्या के प्रयास, हथियार कानून, मादक पदार्थ और डकैती जैसे मामलों का रिकॉर्ड बताया गया है। उसके खिलाफ 2003 से लेकर 2022 तक के कई मामले दर्ज होने का उल्लेख है। रवि उर्फ पंडित के खिलाफ कालका, चंडीमंदिर, पिंजौर, चंडीगढ़ और पंचकूला में वर्ष 2015-16 के दौरान चोरी और अन्य धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
अब पुलिस दोनों राज्यों के साथ-साथ दिल्ली और उत्तर प्रदेश की पुलिस से भी आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड का मिलान कर रही है। पुलिस रिमांड में लिए गए दोनों आरोपियों से चोरी के सामान को खपाने वाले संभावित लोगों और अन्य छिपाई गई संपत्ति के बारे में पूछताछ की जा रही है। साथ ही जांच का फोकस इस बात पर भी है कि गिरोह ने मंगलवार को चोरी करने का पैटर्न कब से अपनाया था और क्या इसी तरीके से चंडीगढ़ या आसपास के अन्य इलाकों में हुई पुरानी अनसुलझी चोरियों से भी इनका संबंध है।
