लाहौल-स्पीति में ड्रिलबुरी पर्वत की परिक्रमा के दौरान 2 महिला श्रद्धालुओं की मौत, 270 से ज्यादा रेस्क्यू, 270 से ज्यादा रेस्क्यू
लाहौल-स्पीति में ड्रिलबुरी पर्वत की परिक्रमा के दौरान 2 महिला श्रद्धालुओं की मौत
Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में गुरुवार को ड्रिलबुरी पर्वत की परिक्रमा के दौरान दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। धार्मिक यात्रा में करीब 300 श्रद्धालु शामिल हुए थे। अचानक बर्फबारी और ऊंचाई वाले क्षेत्र में मुश्किल मौसम के बीच कई श्रद्धालु बर्फ पर गिरने, हाई एल्टीट्यूड सिकनेस और हाइपोथर्मिया की चपेट में आए। प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया और 270 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। मृतकों में एक महिला स्थानीय और दूसरी दार्जिलिंग की रहने वाली बताई जा रही है। दोनों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी।
प्रारंभिक सूचना के मुताबिक ड्रिलबुरी पर्वत की परिक्रमा के लिए करीब 300 श्रद्धालु गए थे। ऊंचाई वाले इलाके में मौसम अचानक खराब हुआ और सुबह लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई। मौसम बिगड़ने के बाद श्रद्धालुओं को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान चलाकर 270 से ज्यादा लोगों को बाहर निकाला।
बर्फ पर गिरने और ऊंचाई से जुड़ी बीमारी से घायल
रेस्क्यू किए गए श्रद्धालुओं में कुछ के बर्फ पर गिरने से चोट लगने की सूचना है। इसके अलावा कई लोग हाई एल्टीट्यूड सिकनेस और हाइपोथर्मिया से प्रभावित हुए हैं। घायलों को केलांग अस्पताल लाया जा रहा है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन फिलहाल उन श्रद्धालुओं तक पहुंचने में जुटा है, जिनका रेस्क्यू अभी बाकी है।
लंबे समय तक बेहद ठंड के संपर्क में रहने पर हाइपोथर्मिया हो सकता है। इस स्थिति में शरीर का तापमान सामान्य स्तर से काफी नीचे गिरने लगता है। बर्फबारी, तेज ठंडी हवा, गीले कपड़े और लंबे समय तक खुले में रहने से इसका खतरा बढ़ जाता है। शुरुआती लक्षणों में तेज कंपकंपी, थकान, कमजोरी और भ्रम की स्थिति शामिल हो सकती है। स्थिति बिगड़ने पर व्यक्ति बेहोश भी हो सकता है। ऊंचाई वाले इलाकों में कम ऑक्सीजन और कड़ाके की ठंड के कारण ऐसी स्थिति और गंभीर हो सकती है।
DSP केलांग केडी शर्मा ने दो महिलाओं की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि महिलाओं की पहचान अभी होनी बाकी है। केडी शर्मा के मुताबिक बर्फ पर गिरने, हाई एल्टीट्यूड सिकनेस और हाइपोथर्मिया से घायल अन्य श्रद्धालुओं को रेस्क्यू कर लिया गया है। सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस दोनों महिलाओं की मौत के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक सूचना में ऑक्सीजन की कमी की बात सामने आई है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
