Yamunanagar News: यमुनानगर फाइनेंसर हत्याकांड, पूर्व विधायक दिलबाग सिंह का दावा—80 करीबियों को गैंगस्टरों की धमकी
यमुनानगर फाइनेंसर हत्याकांड, पूर्व विधायक दिलबाग सिंह का दावा—80 करीबियों को गैंगस्टरों की धमकी
Yamunanagar News: यमुनानगर के पॉश इलाके मॉडल टाउन स्थित जैक फिटनेस जिम के बाहर बीते 3 सितंबर को हुए हरभजन सिंह (65) हत्याकांड में रोजाना नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला के समधी और पूर्व विधायक दिलबाग सिंह ने पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल से मुलाकात कर शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। दिलबाग सिंह ने दावा किया है कि इस वारदात के बाद उनके करीब 80 से अधिक करीबियों, जिनमें भाजपा और कांग्रेस के कई स्थानीय नेता भी शामिल हैं, को अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टरों की तरफ से जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं।
“विधायक सिर्फ वसूली में लगे हैं”— दिलबाग सिंह ने स्थानीय सियासत पर दागे तीर
एसपी कार्यालय पहुंचे पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के तेवर स्थानीय प्रशासन और मौजूदा विधायक के खिलाफ काफी तल्ख नजर आए। मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि शहर में डर का ऐसा माहौल है कि आम लोग भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने मौजूदा विधायक पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि इस कठिन समय में शहर के जनप्रतिनिधि लोगों के साथ खड़े होने के बजाय मंथली (वसूली) समेटने में मशगूल हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए तो स्थिति बेकाबू हो सकती है।
रेकी के लिए लगाई जीपीएस चिप, अस्पताल से छुट्टी मिलते ही पुलिस ने रिमांड पर लिए बदमाश
दूसरी तरफ, हरभजन सिंह की हत्या के बाद पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुए दोनों आरोपियों को अस्पताल से छुट्टी मिलते ही अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उन्हें रिमांड पर ले लिया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मुख्य शूटरों को हथियार और कारतूस मुहैया कराने के अलावा इन बदमाशों ने मृतक हरभजन सिंह की रेकी की थी।
आरोपियों ने हरभजन सिंह की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उनकी कार में जीपीएस (GPS) चिप तक लगा दी थी। उधर, 3 मिनट 22 सेकंड का एक ऑडियो भी चर्चा में है, जिसमें शुभम पंडित, काला राणा और रोहित गोदारा गैंग का नाम लेकर दिलबाग सिंह का साथ देने वालों को ‘सिर में 50 गोलियां मारने’ की धमकी दी गई है।
एसपी बोले—अंतिम छोर तक होगी जांच, 5 लोगों को दी जा चुकी है सुरक्षा
यमुनानगर के एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि पुलिस इस हत्याकांड की जांच हर पहलू से कर रही है, चाहे उसके तार स्थानीय बदमाशों से जुड़े हों या फिर सीमा पार बैठे गैंगस्टरों से।
धमकियों के सवाल पर एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस मुख्यालय के मानकों के अनुसार थ्रेट असेसमेंट (खतरे का मूल्यांकन) किया जा रहा है। जांच और संवेदनशीलता को देखते हुए अब तक 5 प्रमुख लोगों को सरकारी सुरक्षा मुहैया करा दी गई है, जबकि अन्य आवेदनों की समीक्षा की जा रही है।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में फिर बदला मौसम, हिसार समेत 18 जिलों में बारिश का अलर्ट, जानें आपके शहर का हाल
