September 18, 2026

Kaithal News: कैथल पुलिस का एक्शन, OTP पूछकर खाते में सेंध लगाने वाला शातिर गिरफ्तार, कमीशन पर करता था काम

0
Kaithal News: कैथल पुलिस का एक्शन, OTP पूछकर खाते में सेंध लगाने वाला शातिर गिरफ्तार, कमीशन पर करता था काम

कैथल पुलिस का एक्शन, OTP पूछकर खाते में सेंध लगाने वाला शातिर गिरफ्तार

Kaithal News: हरियाणा के कैथल जिले में साइबर अपराधियों ने आम जनता को लूटने का एक नया पैंतरा अपना लिया है। सीवन कस्बे के रहने वाले विक्रम को बैंक अधिकारी बनकर फोन किया गया और चंद मिनटों में उनके क्रेडिट कार्ड से 96 हजार रुपये पार कर दिए गए। पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए फतेहाबाद के मनवाली गांव निवासी विकास उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया है। साइबर ठगों का यह गिरोह सीधे तौर पर लोगों को बैंक पॉलिसी के नाम पर डराकर उनका डेटा चुराता था, जिससे आम आदमी आसानी से इनके जाल में फंस जाता था।

4500 रुपये का डर दिखाकर मांगा क्रेडिट कार्ड का डेटा

यह पूरी वारदात 5 नवंबर 2022 को अंजाम दी गई थी। पीड़ित विक्रम के रजिस्टर्ड नंबर पर एक कॉल आई, जिसमें कॉलर ने खुद को एक निजी बैंक का क्रेडिट कार्ड अधिकारी बताया। उसने विक्रम से कहा कि आपके कार्ड पर एक गुप्त इंश्योरेंस पॉलिसी चालू हो गई है, जिसके हर साल 4500 रुपये कटेंगे।

इस भारी-भरकम चार्ज से घबराकर विक्रम ने तुरंत पॉलिसी रद्द करने की गुजारिश की। इसी हड़बड़ाहट का फायदा उठाते हुए शातिर ठग ने पहले क्रेडिट कार्ड के अंतिम 8 अंक पूछे और फिर बातों में उलझाकर मोबाइल पर आया ओटीपी (OTP) भी हासिल कर लिया। पलक झपकते ही विक्रम के खाते से लगभग 96 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए।

कमीशन के लालच में निकालता था ठगी का पैसा

कैथल पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज कर तकनीकी सेल की मदद से गहराई से जांच की जा रही थी। पुलिस इस नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 5 अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ में सामने आया है कि पकड़ा गया आरोपी विकास मुख्य ठगों के लिए कैशियर का काम करता था।

उसका काम साइबर ठगी से हासिल हुई रकम को एटीएम से निकालना और अपना कमीशन काटकर बाकी पैसा गिरोह के अन्य लोगों तक पहुंचाना था। फिलहाल पुलिस ने विकास को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस अब उन खातों की डिटेल खंगाल रही है, जिनमें ठगी का पैसा ट्रांसफर किया गया था।

यह भी पढ़ें– हरियाणा में फिर बदला मौसम, हिसार समेत 18 जिलों में बारिश का अलर्ट, जानें आपके शहर का हाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed