Online Fraud: WhatsApp पर अनजान फाइल खोलते ही हैक हुआ मोबाइल, पलवल में युवक के खाते से उड़े 4.19 लाख रुपये
WhatsApp पर अनजान फाइल खोलते ही हैक हुआ मोबाइल, पलवल में युवक के खाते से उड़े 4.19 लाख रुपये
Online Fraud: स्मार्टफोन का इस्तेमाल अगर थोड़ी सी लापरवाही के साथ किया जाए तो यह कितना भारी पड़ सकता है, इसकी तस्दीक पलवल में हुई एक ताजा वारदात करती है। शहर के पेठ मोहल्ला निवासी पवन नाम के युवक को व्हाट्सएप पर आई एक अज्ञात एपीके (APK) फाइल को डाउनलोड करना बेहद महंगा पड़ गया। फाइल पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल फोन हैकर्स के नियंत्रण में चला गया, जिसके बाद शातिर ठगों ने पवन के बैंक खाते से 4 लाख 19 हजार 449 रुपये पार कर दिए।
1 रुपये के टेस्ट ट्रांजैक्शन से शुरू हुआ ठगी का खेल
पीड़ित पवन के मुताबिक, बीती 10 सितंबर को उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से APK फाइल आई थी। अनजान में उन्होंने बिना सोचे-समझे उस फाइल को खोलकर इंस्टॉल कर लिया। फाइल डाउनलोड होते ही हैकर्स ने उनके फोन का पूरा एक्सेस अपने हाथ में ले लिया।
इसके चार दिन बाद, 14 सितंबर की दोपहर करीब 2 बजे पवन के मोबाइल पर अचानक खाते से पैसे कटने के लगातार मैसेज आने लगे। साइबर ठगों ने बेहद चालाकी से काम लिया; उन्होंने सबसे पहले 1 रुपये का टेस्ट ट्रांजैक्शन करके यह कन्फर्म किया कि खाता एक्टिव है या नहीं। इसके तुरंत बाद अलग-अलग किश्तों में कुल 4,19,449 रुपये ट्रांसफर कर लिए गए।
साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दी सूचना, पुलिस जांच में जुटी
अचानक आंखों के सामने बैंक बैलेंस शून्य होता देख पीड़ित के होश उड़ गए। पवन ने बिना वक्त गंवाए राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 15 सितंबर को उन्होंने पलवल के साइबर क्राइम थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत सौंपी।
साइबर थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब उन बैंक खातों और यूपीआई आईडी (UPI ID) की पड़ताल कर रही है, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई है।
