September 19, 2026

CNG कार खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर; मारुति सुजुकी ने लॉन्च की स्विफ्ट, डिजायर और बलेनो S-CNG ऑटोमैटिक

0
CNG कार खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर; मारुति सुजुकी ने लॉन्च की स्विफ्ट, डिजायर और बलेनो S-CNG ऑटोमैटिक

मारुति की 3 CNG कारें अब ऑटोमैटिक

Maruti CNG cars: मारुति सुजुकी इंडिया ने अपनी लोकप्रिय कारों Swift, Dzire और Baleno के S-CNG पोर्टफोलियो में ऑटोमैटिक विकल्प जोड़ दिया है। कंपनी ने पहली बार इन तीनों मॉडलों में S-CNG पावरट्रेन के साथ ऑटो गियर शिफ्ट यानी AGS तकनीक पेश की है। इसका सीधा फायदा शहरों में रोजाना कार चलाने वाले उन ग्राहकों को मिलेगा, जिन्हें ट्रैफिक के दौरान बार-बार क्लच दबाने की परेशानी होती है। नई S-CNG ऑटोमैटिक कारों में कंपनी ने 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स दिया है। इसके साथ ड्राइवर को जरूरत पड़ने पर मैनुअल तरीके से गियर बदलने का विकल्प भी मिलता है।

मारुति सुजुकी ने तीनों मॉडल के ऑटोमैटिक S-CNG वेरिएंट को चुनिंदा वेरिएंट्स में पेश किया है। Swift S-CNG AMT की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 7.29 लाख रुपये, Baleno S-CNG AMT की कीमत 8.32 लाख रुपये और Dzire S-CNG AMT की शुरुआती कीमत 8.53 लाख रुपये रखी गई है। कीमत के साथ कंपनी ने इन कारों की सबसे बड़ी खासियत माइलेज को बताया है। खास तौर पर Dzire S-CNG AMT का कंपनी-दावा माइलेज 36.47 किमी/किग्रा है, जो तीनों में सबसे ज्यादा है।

 

 

माइलेज में Dzire आगे

Swift, Dzire और Baleno S-CNG ऑटोमैटिक में 1.2-लीटर Z12E इंजन दिया गया है। इसमें डुअल वेरिएबल वॉल्व टाइमिंग (Dual VVT) और आइडल स्टार्ट-स्टॉप (ISS) जैसी तकनीक शामिल है। कंपनी के दावे के मुताबिक Dzire S-CNG AMT 36.47 किमी/किग्रा, Swift S-CNG AMT 35.34 किमी/किग्रा और Baleno S-CNG AMT 34.47 किमी/किग्रा का माइलेज देती है। वास्तविक माइलेज ड्राइविंग कंडीशन, ट्रैफिक और ड्राइविंग स्टाइल के आधार पर अलग हो सकता है।

AGS यानी AMT तकनीक का सबसे बड़ा फायदा शहरों के भारी ट्रैफिक में मिलता है। बार-बार रुकने और चलने के दौरान ड्राइवर को लगातार क्लच दबाने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे ड्राइविंग ज्यादा सुविधाजनक हो सकती है। मारुति का कहना है कि नई कारों में ऑटोमैटिक सुविधा के साथ S-CNG का माइलेज भी बरकरार रखने पर फोकस किया गया है। कंपनी ने इन्हें खास तौर पर उन ग्राहकों के लिए पेश किया है जो CNG की रनिंग कॉस्ट के साथ ऑटोमैटिक ड्राइविंग की सुविधा चाहते हैं।

 

 

S-CNG में सुरक्षा पर भी फोकस

मारुति सुजुकी की S-CNG तकनीक में एयर-फ्यूल मिक्सचर को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने के लिए इंटेलिजेंट इंजेक्शन सिस्टम दिया गया है। कंपनी के अनुसार CNG सिस्टम में स्टेनलेस-स्टील पाइप और जॉइंट्स का इस्तेमाल किया गया है, जिससे जंग और लीकेज के जोखिम को कम करने में मदद मिलती है। इसके अलावा एकीकृत वायरिंग हार्नेस और माइक्रोस्विच जैसे सुरक्षा फीचर्स भी दिए गए हैं। माइक्रोस्विच CNG रिफ्यूलिंग के दौरान वाहन को स्टार्ट होने से रोकने के लिए काम करता है।

मारुति सुजुकी के मार्केटिंग एंड सेल्स के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर पार्थो बनर्जी के मुताबिक नए मॉडल उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं, जो ट्रैफिक में ऑटोमैटिक ड्राइविंग के साथ बेहतर माइलेज चाहते हैं। कंपनी के अनुसार चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में उसकी S-CNG बिक्री पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 58 प्रतिशत बढ़ी। कंपनी ने यह भी बताया कि जुलाई में उसने 83,000 S-CNG यूनिट्स की बिक्री की, जो उसके मुताबिक अब तक की सबसे बड़ी मासिक बिक्री है।

 

यह भी पढें: टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स की अगस्त में बिक्री 56 प्रतिशत बढ़कर 67,753 इकाई पर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed