Ateli Mandi : किसान आईडी बनवाने के लिए कृषि विभाग का विशेष अभियान शुरू, गांव-गांव लगाए जा रहे कैंप, भविष्य की सरकारी योजनाओं के लिए हुआ अनिवार्य
किसान आईडी बनाने के लिए कैंप में उपस्थित कृषि विभाग के अधिकारी
Ateli Mandi : महानिदेशक कृषि विभाग, हरियाणा के निर्देशानुसार जिला महेंद्रगढ़ के सभी गांवों में किसानों की किसान आईडी बनाने हेतु एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान कृषि विभाग, राजस्व विभाग तथा कॉमन सर्विस सेंटर के संयुक्त प्रयासों से संचालित किया जा रहा है। पांच सितंबर से जिले के प्रत्येक गांव में इसके लिए विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
खंड कृषि अधिकारी अटेली डॉ. रजनीश कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि खंड अटेली क्षेत्र में प्रतिदिन चार गांवों में यह विशेष कैंप लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन कैंपों के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र किसानों तथा “मेरी फसल मेरा ब्यौरा” पोर्टल पर पहले से पंजीकृत किसानों की किसान आईडी बनाने पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिससे ये किसान भविष्य में मिलने वाली योजनाओं से वंचित न रह जाएं।

डॉ. रजनीश कुमार ने जिले के सभी किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने गांव में लगने वाले इन विशेष कैंपों में अवश्य पहुंचें और समय रहते अपनी किसान आईडी बनवा लें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत सरकार तथा हरियाणा सरकार निकट भविष्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मेरी फसल मेरा ब्यौरा, खाद वितरण तथा कृषि विभाग द्वारा दी जाने वाली विभिन्न अनुदान योजनाओं को किसान आईडी से जोड़ने जा रही हैं। ऐसे में बिना किसान आईडी के किसानों को इन योजनाओं का लाभ मिलना संभव नहीं होगा।
इसलिए उन्होंने सभी किसानों से आग्रह किया कि वे इस अभियान को गंभीरता से लेते हुए अपनी किसान आईडी जल्द से जल्द बनवाना सुनिश्चित करें, ताकि आगे चलकर किसी भी सरकारी योजना का लाभ लेने में कोई परेशानी न हो।
