Narnaul: महेंद्रगढ़ जिले में 20 सितंबर से 14 अक्टूबर तक चलेगा सेवा सेतू अभियान, हर खंड में लगेंगे कैंप
Narnaul: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सेवा संकल्प अभियान के तहत महेंद्रगढ़ जिले में 20 सितंबर से 14 अक्टूबर 2026 तक सेवा सेतू अभियान के कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में सरकार की सभी योजनाओं तथा सेवाओं का लाभ लोगों को दिया जाएगा। इस दौरान दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के नए पंजीकरण भी मौके पर किए जाएंगे ताकि जरूरतमंद पात्र महिलाओं को हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता का लाभ जल्द से जल्द मिल सके। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत भी पात्र लाभार्थियों के आवेदन जमा किए जाएंगे, जिससे कम आय वाले परिवारों को स्वरोजगार व आर्थिक सहायता देकर उनकी आय बढ़ाई जा सके।
यह जानकारी देते हुए उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि जिला प्रशासन ने इसके लिए पूरा कैलेंडर तैयार कर लिया है और जिला नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पवारिया को सौंपी गई है।
————————-
ये है शेड्यूल
■ खंड महेंद्रगढ़
अभियान की शुरुआत 20 सितंबर यानी रविवार को खंड कार्यालय महेंद्रगढ़ से होगी। इसके अगले दिन 21 सितंबर को गांव पाली की प्रजापत धर्मशाला में और 22 सितंबर को गांव नांगल सिरोही के ग्राम सचिवालय में कैंप आयोजित होंगे।
■ खंड सतनाली
इसी दिन यानी 20 सितंबर को खंड सतनाली में भी अभियान शुरू होगा। पहले दिन खंड कार्यालय सतनाली में, 21 सितंबर को सामुदायिक केंद्र सतनाली में और 22 सितंबर को माधोगढ़ के वीकेसी भवन में कैंप लगेंगे।
■ नगरपालिका, महेंद्रगढ़
नगरपालिका क्षेत्र महेंद्रगढ़ में 20 सितंबर को नपा कार्यालय में, 21 सितंबर को मसानी स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में और 24 सितंबर को यादव धर्मशाला महेंद्रगढ़ में कैंप लगेंगे।
■ नगर परिषद, नारनौल
25 सितंबर से नारनौल क्षेत्र में अभियान की रफ्तार बढ़ेगी। पहले दिन नगर परिषद कार्यालय नारनौल में, 26 सितंबर को यादव धर्मशाला नारनौल में और 27 सितंबर को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारनौल में कैंप आयोजित होंगे।
■ खंड नारनौल
इसी के साथ खंड नारनौल में 25 सितंबर को खंड कार्यालय में, 26 सितंबर को खोडमा की एससी चौपाल में और 27 सितंबर को कांवी के ग्राम सचिवालय में शिविर लगेंगे।
■ खंड सिहमा
खंड सिहमा में भी 25 सितंबर से अभियान शुरू होगा। पहले दिन खंड कार्यालय सिहमा में, 26 सितंबर को सिहमा की धर्मशाला में और 27 सितंबर को दौंगड़ा अहीर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कैंप आयोजित होंगे।
■ नगरपालिका, नांगल चौधरी
अक्टूबर महीने की शुरुआत के साथ 2 अक्टूबर से नगरपालिका नांगल चौधरी में अभियान पहुंचेगा। लगातार तीन दिन यानी 2, 3 और 4 अक्टूबर को नपा कार्यालय नांगल चौधरी में कैंप लगेंगे।
■ खंड नांगल चौधरी
खंड नांगल चौधरी में 2 अक्टूबर को नपा कार्यालय में, 3 अक्टूबर को एससी चौपाल नांगल चौधरी में और 4 अक्टूबर को सहबाजपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शिविर लगेंगे।
■ खंड निजामपुर
खंड निजामपुर में 2 अक्टूबर को खंड कार्यालय में, 4 अक्टूबर को बसीरपुर स्कूल में और 5 अक्टूबर को दंचोली के पंचायत घर में कैंप आयोजित होंगे।
■ नगरपालिका, कनीना
अभियान का समापन चरण 10 अक्टूबर से कनीना क्षेत्र में होगा। नगरपालिका कनीना में 10, 11 और 14 अक्टूबर को लगातार नपा कार्यालय में कैंप लगेंगे।
■ खंड कनीना
खंड कनीना में 10 अक्टूबर को भोजावास स्थित आईटीआई भवन में, 11 अक्टूबर को धनौंदा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में और 14 अक्टूबर को नपा कार्यालय कनीना में शिविर लगेंगे।
■ नगरपालिका, अटेली मंडी
नगरपालिका अटेली मंडी में 11, 13 और 14 अक्टूबर को नपा कार्यालय अटेली में कैंप आयोजित होंगे।
■ खंड अटेली मंडी
खंड अटेली मंडी में 11 अक्टूबर को नपा कार्यालय अटेली में, 13 अक्टूबर को फतेहपुर की बीसी चौपाल में और 14 अक्टूबर को बाछोद के ग्राम सचिवालय में विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
