Punjab Aap Campaign : ‘आप’ मंत्रियों ने घर-घर जाकर पहुंचाए ‘मान दे मुनाफे’, पंजाब में तेज हुआ चुनावी जनसंपर्क अभियान
'आप' मंत्रियों ने घर-घर जाकर पहुंचाए 'मान दे मुनाफे', पंजाब में तेज हुआ चुनावी जनसंपर्क अभियान
Punjab Aap Campaign : पंजाब की सियासत में इन दिनों घर-घर जनसंपर्क का दौर पूरे चरम पर है। आम आदमी पार्टी (आप) की भगवंत सिंह मान सरकार के फैसलों और उपलब्धियों को सीधे जनता तक पहुंचाने के लिए मंत्रियों ने खुद मैदान संभाल लिया है। सोमवार को इसी कड़ी में ‘मान दे मुनाफे’ विशेष मुहिम के तहत ‘आप’ के तमाम मंत्रियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में धुआंधार घर-घर प्रचार किया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनहितैषी योजनाओं—जैसे मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक, शानदार सरकारी स्कूल और विभिन्न कल्याणकारी पैकेजों—से आम आदमी के मासिक बजट में हो रही बचत के आंकड़ों को सीधे जनता के सामने रखना है।
मंत्रियों ने जनता को समझाया ‘मान दा मुनाफा’
सुनाम से लेकर पठानकोट और पटियाला तक, मंत्रियों ने लोगों के बीच जाकर सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने सुनाम क्षेत्र में घर-घर दस्तक देते हुए बताया कि बीते पौने पांच सालों में सरकार ने विकास और जनहित के मोर्चे पर कौन-कौन से मील के पत्थर हासिल किए हैं।
इस दौरान एक विशेष पैम्फलेट भी जारी किया गया, जिसमें हर परिवार को मिल रहे सीधे वित्तीय लाभों का पूरा ब्योरा दर्ज है। उधर, मंत्री लाल चंद कटारूचक ने पठानकोट के भटोइया इलाके में जनसंपर्क करते हुए मतदाताओं को आगाह किया कि पारंपरिक दल यदि सत्ता में लौटे, तो वे गरीबों को मिलने वाली मुफ्त बिजली और अन्य सहूलियतें तुरंत बंद कर देंगे।
स्वास्थ्य कार्ड और विकास कार्यों की गूंज
पटियाला में कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने घर-घर जाकर लोगों का हालचाल जाना और सरकार की नीतियों पर चर्चा की। वहीं, कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने अपने हल्के के लोगों से मुलाकात कर कई परिवारों को 10-10 लाख रुपये वाले स्वास्थ्य कार्ड सौंपे।
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, मोहिंदर भगत, तरुणप्रीत सिंह सौंद, हरदीप सिंह मुंडियां, रवजोत सिंह और हरभजन सिंह ईटीओ जैसे वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने-अपने इलाकों में इस मुहिम को आगे बढ़ाया। जनता की तरफ से भी इन मुलाकातों के दौरान गर्मजोशी देखने को मिली, और कई जगहों पर लोगों ने माना कि इन योजनाओं से उनके घर के खर्चों में काफी राहत मिली है।
मुख्यमंत्री मान ने की थी शुरुआत
गौरतलब है कि इस बड़े जनसंपर्क अभियान की औपचारिक शुरुआत रविवार को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने धूरी से की थी। मुख्यमंत्री ने साफ किया था कि ‘मान दा मुनाफा’ इस पूरी मुहिम का केंद्र है, जिसके तहत मुफ्त बिजली, बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और ‘माताओं-बेटियों सत्कार योजना’ जैसी पहलों से आज औसतन हर परिवार को सालाना 1.82 लाख रुपये तक का सीधा वित्तीय लाभ मिल रहा है।
विपक्षी दलों के हमलों के बीच ‘आप’ सरकार अब पूरी ताकत झोंककर अपने कामकाज के बूते जनता के बीच अपनी पैठ को और मजबूत करने में जुटी है।
Amritsar fuel ban number plate : अमृतसर में बिना वैध नंबर प्लेट के नहीं मिलेगा पेट्रोल और डीजल
