Narnaul: गुजरात से वाराणसी तक ‘सेवा संकल्प यात्रा’ का 27 सितंबर को भव्य स्वागत
Narnaul: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के तहत गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही यात्रा का महेंद्रगढ़ जिले में 27 सितंबर को भव्य स्वागत किया जाएगा। यात्रा राजस्थान के पचेरी गोद बलावा से हरियाणा में प्रवेश करेगी और जिले में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं एवं आमजन द्वारा स्वागत किए जाने के बाद नारनौल व अटेली होते हुए उनिंदा गांव पहुंचेगी और आगे रेवाड़ी ज़िले की सीमा में प्रवेश करेगी। उनिंदा में यात्रा के स्वागत के लिए विशाल कार्यक्रम एवं जनसभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, सांसद चौधरी धर्मवीर, जिला अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव, जिला प्रभारी वरुण श्योरान, विधायक ओम प्रकाश यादव, विधायक कंवर सिंह, पूर्व मंत्री डॉ अभय सिंह, पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव, पूर्व विधायक सीताराम सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं एवं आमजन को संबोधित करेंगे। यात्रा के दौरान विभिन्न स्वागत स्थलों पर कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पवर्षा, स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा नेताओं ने लिया यात्रा मार्ग का जायजा
यात्रा के भव्य स्वागत को लेकर बुधवार को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने प्रस्तावित यात्रा मार्ग एवं स्वागत स्थलों का निरीक्षण किया। प्रदेश महामंत्री वेद फूला, जिला प्रभारी वरुण श्योराण, जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव,पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह, पूर्व विधायक सीताराम यादव, प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा, पूर्व ज़िलाध्यक्ष दयाराम यादव व अजीत कलवाड़ी, जिला महामंत्री किशन लाल व योगेश शास्त्री, जिला उपाध्यक्ष शिवरतन यादव, महिपाल यादव, युवा मोर्चा प्रभारी मनजीत यादव, मनोनीत पार्षद धर्मेन्द्र शर्मा व परमेश्वर दयाल, मंडल अध्यक्ष प्रमोद जांगिड़, जेपी सैनी, शीशपाल सरपंच, नरेंद्र झिमरिया ने यात्रा के रूट और विभिन्न स्वागत प्वाइंटों का अवलोकन किया। इस अवसर पर प्रशासन की तरफ से सिटी मजिस्ट्रेट डॉ मंगल सेन व डीएसपी भारत भूषण व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नेताओं ने स्थानीय कार्यकर्ताओं से चर्चा कर प्रत्येक स्वागत स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों, यातायात व्यवस्था तथा कार्यक्रम स्थल की तैयारियों को लेकर जानकारी ली।
गोद बलावा से उनिंदा तक दिखेगा कार्यकर्ताओं का उत्साह
सेवा संकल्प यात्रा के जिले में प्रवेश से लेकर उनिंदा तक जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यात्रा को लेकर प्रत्येक मंडल एवं शक्ति केंद्र स्तर तक व्यापक जनसंपर्क किया जाए तथा स्वागत कार्यक्रमों में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
उनिंदा में जुटेगा बड़ा जनसमूह
यात्रा के उनिंदा पहुंचने पर विशाल स्वागत एवं जनसभा का आयोजन होगा। कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश एवं जिला स्तर के वरिष्ठ नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों और संगठनात्मक यात्रा पर अपने विचार रखेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं में यात्रा को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, संगठन और जनसंपर्क की भावना को आमजन तक पहुंचाने का माध्यम है। महेंद्रगढ़ जिले में यात्रा का स्वागत व्यापक जनभागीदारी के साथ किया जाएगा।
