September 23, 2026

Narnaul: घरों और वार्डों से उठाया जा रहा कूड़ा अब वन क्षेत्र में भी डाला जाने लगा

0
Nnl 4

Narnaul:

नारनौल शहर में नगर परिषद की ओर से घरों और वार्डों से उठाया जा रहा कूड़ा अब वन क्षेत्र में भी डाला जाने लगा है। बुधवार सुबह कृष्णावती नदी क्षेत्र में वन क्षेत्र के अंदर कूड़े से भरा टैंपो खाली करते हुए वन विभाग के कर्मचारियों ने एक चालक को पकड़ लिया।

वन विभाग ने टैंपो को जब्त कर लिया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और टैंपो को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वन क्षेत्र में कूड़ा डालने पर जुर्माने का भी प्रावधान है।

नदी में किया खाली

जानकारी के अनुसार नगर परिषद के ठेकेदार का एक कारिंदा कूड़े से भरा टैंपो लेकर कृष्णावती नदी के वन क्षेत्र में पहुंचा था। चालक ने टैंपो में भरा कूड़ा वन क्षेत्र में खाली करना शुरू कर दिया। इसी दौरान वन विभाग के कर्मचारियों की नजर उस पर पड़ गई। कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर चालक को पकड़ लिया और कूड़े से भरे टैंपो को जब्त कर लिया।

नीरपुर से लाया था कूड़ा

टैंपो चालक ने वन विभाग के कर्मचारियों को बताया कि वह नगर परिषद के वार्ड नंबर 6 और 7 में गांव नीरपुर से कूड़ा उठाकर लाया था। चालक के अनुसार नगर परिषद का डंपिंग यार्ड काफी दूर पड़ता है। उसने बताया कि सुपरवाइजर संजू ने उसे खाली जगह देखकर कूड़ा डालने के लिए कहा था। इसके बाद वह टैंपो लेकर कृष्णावती नदी क्षेत्र में पहुंचा और वहां कूड़ा खाली कर दिया।

नियमानुसार होगी कार्रवाई

मामले की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर टैंपो को अपने कब्जे में ले लिया। वन राजिक अधिकारी रजनीश ने बताया कि बुधवार सुबह वन क्षेत्र में कूड़ा डालते हुए एक टैंपो चालक को पकड़ा गया है। टैंपो को जब्त कर लिया गया है। चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग के अनुसार जब्त किए गए टैंपो को आगामी कार्रवाई के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा। वन क्षेत्र में कूड़ा डालने पर नियमानुसार जुर्माने का प्रावधान है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि टैंपो चालक को वन क्षेत्र में कूड़ा डालने के लिए किसने कहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed