Hansi News: शराब पार्टी में बीयर की बोतल मारकर बॉक्सर की हत्या, ट्यूबवेल की छत पर मिला शव
शराब पार्टी में बीयर की बोतल मारकर बॉक्सर की हत्या
Hansi News: हरियाणा के हिसार जिले के हांसी में रिश्तों और दोस्ती को तार-तार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नारनौंद उपमंडल के धर्मखेड़ी गांव में बीती रात दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे एक 23 वर्षीय युवा बॉक्सर दीपक की बीयर की बोतलों से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को खेत में बनी ट्यूबवेल की छत पर ही खून से लथपथ हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
बुधवार सुबह जब पड़ोसी किसान अपने खेत में पहुंचा, तब इस खूनी खेल का खुलासा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही बास थाना पुलिस और फोरेंसिक (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
शराब पार्टी के दौरान छिड़ी बहस, बीयर की बोतलों से किया ताबड़तोड़ हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धर्मखेड़ी निवासी दीपक मंगलवार रात अपने खेत में काम के सिलसिले में गया हुआ था। इसी दौरान उसकी मुलाकात अपने दोस्त, जैब भराव गांव निवासी प्रिंस और कुछ अन्य युवकों से हुई। सभी ने ट्यूबवेल की छत पर ही शराब पार्टी की योजना बनाई।
छत पर गद्दे बिछाकर शराब, हुक्का और नमकीन का दौर शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के मुताबिक, पार्टी के दौरान ही किसी मामूली बात को लेकर दीपक और उसके दोस्तों के बीच तीखी बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि दोस्तों ने आपा खो दिया और पास रखी बीयर की कांच की बोतलों से दीपक के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गहरे घाव और अत्यधिक खून बहने की वजह से दीपक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सुबह पड़ोसी ने देखा शव, बिखरा पड़ा था कांच और खून
बुधवार सुबह करीब 8 बजे जब पास के खेत का मालिक काम करने पहुंचा, तो उसने ट्यूबवेल के बाहर दीपक की बाइक खड़ी देखी। उसने दीपक को कई बार आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका के चलते जब वह ट्यूबवेल की छत पर चढ़कर गया, तो वहां का मंजर देखकर सन्न रह गया।
छत पर चारों तरफ खून पसरा हुआ था, टूटी हुई बीयर की बोतलें बिखरी थीं और एक कोने में दीपक का शव पड़ा था। पड़ोसी ने तुरंत परिजनों और बास थाना पुलिस को सूचित किया।
“4 साल पहले बॉक्सिंग रिंग में हुई थी दोस्ती”— बिलख पड़े परिजन
मृतक दीपक के चाचा राज सिंह ने बताया कि 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद दीपक अपने पिता होशियार सिंह के साथ खेतीबाड़ी में हाथ बंटाता था। उनके पास 5 एकड़ अपनी जमीन थी और 7 एकड़ जमीन ठेके पर ली हुई थी। करीब चार साल पहले महम में बॉक्सिंग की ट्रेनिंग के दौरान दीपक की मुलाकात प्रिंस से हुई थी। दोनों में अच्छी दोस्ती थी और प्रिंस का घर पर आना-जाना भी था। दीपक तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी
घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हांसी के सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और खून के नमूने एकत्रित किए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए बास थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि परिजनों के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी प्रिंस और उसके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें– शाहाबाद हाईवे पर किसानों का पक्का डेरा, धान खरीद पर अड़े चढूनी, टिकैत गुट ने दिया समर्थन
