Gurdaspur News : विधायक गुरदीप सिंह रंधावा ने शाहपुर जाजन में जनता से किया सीधा संवाद
Gurdaspur News : विधायक गुरदीप सिंह रंधावा ने शाहपुर जाजन में जनता से किया सीधा संवाद
Gurdaspur News : पंजाब की राजनीति में जनसंपर्क अभियानों को तेज करते हुए जनप्रतिनिधि अब सीधे जनता के दरबार में पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में डेरा बाबा नानक विधानसभा क्षेत्र से विधायक गुरदीप सिंह रंधावा ने बुधवार को शाहपुर जाजन गांव की मार्केट का दौरा किया। ‘मन दे मुनाफ़े’ कैंपेन के तहत पहुंचे विधायक ने वहां मौजूद दुकानदारों और स्थानीय ग्रामीणों से गर्मजोशी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने न केवल सरकार के कामकाज का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा, बल्कि लोगों की समस्याएं भी ध्यान से सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
जनसभा और नुक्कड़ बातचीत के दौरान विधायक रंधावा ने बेबाक अंदाज में कहा कि मौजूदा भगवंत मान सरकार ने साबित कर दिया है कि कथनी और करनी में क्या फर्क होता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव के वक्त जनता से जितने वादे किए थे, धरातल पर उससे कहीं ज्यादा काम करके दिखाए गए हैं। आज पंजाब का आम नागरिक सरकार की नीतियों की वजह से आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है।
जनता को मिल रहे इन बड़े फायदों का जिक्र
विधायक ने बातचीत के दौरान गिनाया कि कैसे सरकारी योजनाओं की बदौलत लोगों के घर का बजट संभल रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली बिलों में राहत, महिलाओं के लिए मुफ्त बस सफर, सरकारी स्कूलों में उच्च स्तर की मुफ्त शिक्षा, और वृद्धावस्था पेंशन जैसी योजनाएं वरदान साबित हो रही हैं।
इसके अलावा, आम आदमी क्लीनिकों के जरिए मुफ्त जांच और दवाइयां, मुफ्त राशन वितरण, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना, कृषि के लिए मुफ्त बिजली और ‘आशीर्वाद स्कीम’ ने आम आदमी का जीवन स्तर सुधारा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह अपने आप में अनोखी मिसाल है कि कोई राजनीतिक दल अपने काम का रिपोर्ट कार्ड लेकर सीधे जनता के बीच पहुंच रहा है। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी विधायक का स्वागत किया और योजनाओं से मिल रहे लाभ खुलकर साझा किए।
