September 25, 2026

सेक्टर-22 में पुलिसकर्मी की हत्या से सनसनी, बेटा बोला- कोई बाहर से आया था; बयान बदला तो हिरासत में लिया

0
सेक्टर-22 में पुलिसकर्मी की हत्या से सनसनी, बेटा बोला- कोई बाहर से आया था; बयान बदला तो हिरासत में लिया

मुतक हेड कांस्टेबल नितिन और साथ में उनका नाबालिग बेटा

Chandigarh Crime News: चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में शुक्रवार सुबह पुलिस हेड कांस्टेबल नितिन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। नितिन पुलिस हेडक्वार्टर सेक्टर-9 की अकाउंट ब्रांच में तैनात थे। सुबह करीब 9 बजे गोली चलने की आवाज सुनने के बाद पड़ोसियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को नितिन घर के अंदर बेड पर घायल हालत में मिले। उनके सिर में गोली लगी थी। पुलिस ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घटना के बाद घर में मौजूद परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू की। शुरुआती पूछताछ में नितिन के नाबालिग बेटे ने पुलिस को बताया कि कोई दूसरा व्यक्ति घर में आया था और उसके पिता को गोली मारकर फरार हो गया। पुलिस ने जब घटना के बारे में उससे दोबारा पूछताछ की तो उसके बयान में विरोधाभास सामने आया। इसके बाद पुलिस को उसके शुरुआती बयान पर संदेह हुआ और उससे लगातार पूछताछ की गई।

 

 

बयान में विरोधाभास के बाद नाबालिग हिरासत में

पुलिस ने नाबालिग बेटे को हिरासत में लिया है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने यह नहीं कहा है कि उसी ने गोली चलाई। जांच एजेंसियां घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिवार के सदस्यों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही हैं। पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा भी बरामद किया है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियार किसका था, गोली किस परिस्थिति में चली और वारदात के समय घर के अंदर वास्तव में क्या हुआ।

पड़ोसियों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से नितिन के घर में विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह भी घर से शोर-शराबे और झगड़े की आवाजें सुनाई दे रही थीं। कुछ देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज आई। गोली की आवाज सुनने के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस अब आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि गोली चलने से पहले और उसके बाद की परिस्थितियों को समझा जा सके।

 

 

नाबालिग का मनीमाजरा में थार से टक्कर का मामला भी सामने आया

पुलिस के अनुसार, नितिन के नाबालिग बेटे से जुड़ा एक और मामला कुछ दिन पहले सामने आया था। मनीमाजरा में थार गाड़ी से टक्कर की घटना को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है। जांच अधिकारी यह भी देख रहे हैं कि इस पुराने मामले का शुक्रवार सुबह हुई गोलीबारी की घटना से कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की पुष्टि पुलिस ने नहीं की है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। SSP कंवरदीप कौर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीमों से अब तक की जांच की जानकारी ली। पुलिस ने घर और आसपास के इलाके से साक्ष्य जुटाए हैं। देसी कट्टे की भी जांच की जा रही है। पुलिस नाबालिग से पूछताछ के साथ परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों के बयान दर्ज कर रही है। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि हेड कांस्टेबल नितिन को गोली किसने और किन परिस्थितियों में मारी। जांच पूरी होने के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed