September 25, 2026

Narnaul : नारनौल आईटीआई में अब पढ़ाई दरकिनार, शिक्षकों में छिड़ी आपसी जंग

0
Narnaul : नारनौल आईटीआई में अब पढ़ाई दरकिनार, शिक्षकों में छिड़ी आपसी जंग

नारनौल आईटीआई के प्राचार्य विनोद खनगवाल व उनके द्वारा उच्च अधिकारियों को दी गई शिकायत ।

Narnaul : नारनौल स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) एक बार फिर बड़े विवादों के साये में आ गया है। संस्थान के प्रिंसिपल विनोद खनगवाल ने कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के डायरेक्टर को एक औपचारिक पत्र लिखकर सनसनीखेज खुलासे किए हैं।

Narnaul : नारनौल आईटीआई में अब पढ़ाई दरकिनार, शिक्षकों में छिड़ी आपसी जंग
नारनौल आईटीआई का मुख्य द्वार ।

प्रिंसिपल का आरोप है कि ड्राफ्ट्समैन मैकेनिकल ट्रेड (DMC) से जुड़े  इंस्ट्रक्टर रवि सैनी और एक लेडी इंस्ट्रक्टर ने उनके कार्यालय में अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर न केवल उनके साथ गाली-गलौज और हाथापाई की, बल्कि जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी तरफ कुर्सी भी फेंकी। इस घटना के बाद से शिक्षा विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है साथ ही शहर में भी एक बार फिर नारनौल आईटीआई चर्चा का विषय बन गई है ।

 

 

प्राप्त विवरण के अनुसार, यह पूरा विवाद 17 सितंबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर शुरू हुआ था। प्रिंसिपल द्वारा विभाग को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि संबंधित लेडी इंस्ट्रक्टर वायरल वीडियो के सिलसिले में बात करने उनके कक्ष में आई थीं। इसी दौरान संस्थान के ही इंस्ट्रक्टर रवि सैनी भी बिना किसी अनुमति के ऑफिस में जबरन घुस आए।

 

 

आरोप है कि बहस के दौरान रवि सैनी ने आक्रामक होते हुए प्रिंसिपल की ओर कुर्सी उठाकर फेंकी और उन्हें जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। घटना के समय कार्यालय में मौजूद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के बयानों को भी साक्ष्य के रूप में शिकायत के साथ संलग्न किया गया है, और प्रिंसिपल ने उच्चाधिकारियों से दोनों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है।

इंस्ट्रक्टर रवि सैनी की सफाई

दूसरी ओर, जब इस पूरे मामले पर आरोपी इंस्ट्रक्टर रवि सैनी से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने प्रिंसिपल द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। रवि सैनी का कहना है कि उनके साथ मारपीट या कुर्सी फेंकने जैसी कोई घटना नहीं हुई है और उन्हें इस मामले में जानबूझकर फंसाया जा रहा है।

 

 

उन्होंने भी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को ई-मेल भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि छात्र की पिटाई से जुड़े वायरल वीडियो के संबंध में महिला थाने में भी शिकायत दी गई है, जिसकी जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।

Narnaul : नारनौल आईटीआई में अब पढ़ाई दरकिनार, शिक्षकों में छिड़ी आपसी जंग
आईटीआई के छात्र अरुण की फाईल फोटो ।

पूरा मामला शुरु से जानिए

गौरतलब है कि इसी आईटीआई से जुड़ा एक अन्य मामला पहले ही तूल पकड़ चुका है, जिसमें डीएमसी ट्रेड के द्वितीय वर्ष के छात्र अरुण कुमार ने लेडी और मेल इंस्ट्रक्टर पर क्लासरूम में टिफिन व जूतियों से मारपीट करने और शर्ट फाड़ने के गंभीर आरोप लगाए थे।

 

 

हालांकि, उस समय शिक्षकों ने आरोपों से इनकार करते हुए वीडियो को एआई (AI) तकनीक से तैयार कर उन्हें बदनाम करने की साजिश बताया था। बहरहाल, एक के बाद एक सामने आ रहे इन विवादों के कारण संस्थान का शैक्षणिक माहौल बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, और अब सबकी निगाहें उच्चाधिकारियों द्वारा की जाने वाली प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

 

 

 

यह भी देखें – नारनौल के सरकारी आईटीआई में छात्र के साथ मारपीट, क्लास में टिफिन और जूतियों से पीटने का गंभीर आरोप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed