Gurugram Dumper Fire: पटौदी-रेवाड़ी मार्ग पर आग का गोला बना डंपर, चालक ने छलांग लगाकर बचाई जान, बड़ा हादसा टला
पटौदी-रेवाड़ी मार्ग पर आग का गोला बना डंपर, चालक ने छलांग लगाकर बचाई जान, बड़ा हादसा टला
Gurugram Dumper Fire: गुरुग्राम जिले के पटौदी-रेवाड़ी मार्ग पर सोमवार को एक खौफनाक हादसा देखने को मिला, जब सड़क पर फर्राटा भर रहा एक डंपर अचानक आग का गोला बन गया। (Pataudi Rewari Highway Accident) डंपर पटौदी की ओर से रेवाड़ी की तरफ जा रहा था, तभी अचानक उसमें से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते लपटों ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि चालक ने समय रहते खतरे को भांप लिया और अपनी जान बचा ली।
धुआं उठते ही ड्राइवर ने लगाई छलांग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर अभी मुख्य मार्ग पर कुछ ही दूरी तय कर पाया था कि अचानक उसके इंजन वाले हिस्से से घना धुआं निकलने लगा। केबिन के भीतर धुआं भरते ही चालक ने बिना एक पल गंवाए वाहन को सड़क किनारे दबाया और दरवाजा खोलकर छलांग लगा दी। (Moving Dumper Catches Fire Gurugram) कूदने की वजह से चालक को मामूली चोटें जरूर आई हैं, लेकिन उसकी सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और उसकी जान बाल-बाल बच गई।
दमकल कर्मियों ने पाया काबू, ट्रैफिक हुआ प्रभावित
हादसा देख हाईवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई जाती, तब तक डंपर का केबिन और अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर स्वाहा हो चुका था। हादसे के चलते सड़क पर कुछ देर के लिए आवाजाही ठप रही, जिसे बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर बहाल कराया।
शॉर्ट सर्किट बनी आग की वजह
घटना स्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने मामले की शुरुआती जांच के बाद बताया कि प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट नजर आ रहा है। (Truck Fire Haryana) फिलहाल पुलिस वाहन की तकनीकी जांच करवा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आग किसी अन्य यांत्रिक खराबी की वजह से तो नहीं लगी थी।
यह भी पढ़ें– Bhiwani News: भिवानी में मानवता शर्मसार, बिजली बोर्ड कॉलोनी में पेड़ पर काली थैली में लटका मिला नवजात
